जयपुर

SMS अस्पताल के डॉक्टरों का कमाल, पैर की हड्डी से बनाया दो साल के मासूम के लिए नया जबड़ा

सवाई मानसिंह अस्पताल में सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हाल ही यहां आए दो साल के मासूम को डॉक्टरों ने जीवनदान दिया।
2 min read
• •
Updated: 6 Jan 2018, 8:43 PM IST
sms doctors
sms hospital

जयपुर। सवाई मानसिंह अस्पताल में सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हाल ही यहां आए दो साल के मासूम को डॉक्टरों ने जीवनदान दिया। बच्चे को जबड़े का कैंसर था। डॉक्टरों ने उसके जबड़ा निकाल पैर की हड्डी से नया जबड़ा बनाकर लगाया। बड़ा होने पर उसके जबड़े पर दांत भी इंप्लांट किया जा सकेगा। डॉक्टरों का दावा है कि इस तरह का देश में यह पहला ऑपरेशन है।

सीकर निवासी रामअवतार के दो साल के पुत्र भावेश के दाईं तरफ के निचले जबड़े में कैंसर (जेंटसेल ट्यूमर)था। जब वे यहां सवाई मानसिंह अस्पताल के प्लास्टिक सर्जरी विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रदीप गोयल के पास आए तो उन्होंने सारी जांच के बाद बच्चे का जबड़ा निकालने की बात कही। परिजनों की सहमति पर उन्होंने 30 दिसंबर को ऑपरेशन किया। ऑपरेशन में पहले तो पूरा जबड़ा बाहर निकाला गया, लेकिन इससे बच्चे का चेहरा बिगड़ गया था। जीवनभर बच्चे को डरावनी शक्ल लेकर रहना पड़ता। एेसे में बच्चे की पैर की हड्डी, खून की नसों और चमड़ी से जबड़ा बनाकर बच्चे के लगाया गया। बच्चे का ऑपरेशन करने वाली टीम में डॉ. प्रदीप गोयल के साथ डॉ. अमित शर्मा, डॉ. आयुष, डॉ. गोपाल, डॉ. रूशिन, डॉ. शानू, डॉ. साकेत, डॉ. राजीव शर्मा व डॉ. साकेत मौजूद थे।

यूं किया ऑपरेशन -
डॉ. प्रदीप गोयल ने बताया कि पैर में दो तरह की हड्डी होती है। एक को टिबिया और दूसरी को फिबुला कहा जाता है। फिबुला हड्डी पतली होती है इसलिए उसे खून की नसों के साथ काटा गया। साथ में चमड़ी भी ली गई। बच्चे की नाप का जबड़ा तैयार किया गया और उसे बाद में टाइटेनियम प्लेट से बच्चे के शरीर में लगाया और उसे खून की नसों से जोड़ा। इस पूरे ऑपरेशन में करीब छह घंटे का समय लगा।

उम्र बढऩे पर दांत होंगे इप्लांट -
डॉक्टरों के अनुसार बच्चे की उम्र बढऩे के साथ उसके जबड़े में दांत भी इंप्लाट किए जा सकेंगे तथा वह आम लोगों की तरह जीवन जी सकेगा। बच्चे के शरीर से कैंसर की बीमारी को पूरी तरह से खत्म कर दिया गया है।

Published on: