तो इस साल नहीं चलेगी पैलेस ऑन व्हील्सजयपुर. शाही ट्रेन पैलेस ऑन व्हील्स के इस साल ट्रेक पर आने की संभावना काफी कम है। कोरोना के चलते पिछले चार माह से इंटरनेशनल फ्लाइट बंद हैं। विदेशी पर्यटक नहीं आ रहे हैं।
देश में ट्रेनों का संचालन भी कम किया जा रहा है। पैलेस ऑन व्हील्स में ज्यादातर विदेशी पर्यटक ही सफर करते हैं। ऐसे में इस साल दिसम्बर तक पैलेस ऑन व्हील्स का संचालन मुश्किल है। अभी तक केंद्र सरकार की ओर से विदेशी पर्यटकों के संबंध में कोई एडवाइजरी भी जारी नहीं है। जब तक विदेशी पर्यटक आना शुरू नहीं होंगे, तब तक पैलेस ऑन व्हील्स शुरू नहीं हो सकेगी।
दो-तीन माह ट्रेन आने की संभावना नहीं
हर साल जुलाई मध्य से अगस्त मध्य के बीच ट्रेन जयपुर पहुंच जाती थी। अगस्त से ट्रेन का इंटीरियर सुधारना शुरू कर दिया जाता था। सितम्बर से ट्रेन का संचालन शुरू हो जाता था। जो करीब 5-6 महीने तक चलता था। अभी तक ट्रेन आई नहीं हैं। आगामी दो-तीन महीने में ट्रेन आने की संभावना भी न के बराबर है।
आरटीडीसी की आमदनी भी खत्म
मंदी के दौर से गुजर रहे आरटीडीसी के लिए पैलेस ऑन व्हील्स एकमात्र सहारा है। उससे भी इस साल आमदनी होने की संभावना नहीं दिख रही है। गौरतलब है कि हर सीजन में शाही ट्रेन के 35 फेरे होते हैं। हर फेरे में 82 पर्यटक सफर करते हैं। एक दिन का किराया प्रति व्यक्ति का करीब 600 डॉलर है।