
नादौती.निर्माण के बाद से अब तक सड़क की मरम्मत और जंगल कटाई का कार्य नहीं कराया गया है। यह मार्ग करौली और सवाई माधोपुर जिले के दर्जनों गांवों को जोड़ता है, इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
सोप गांव से पिलौदा तक सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि कई स्थानों पर इसका नामोनिशान तक मिट गया है। दोनों ओर की पटरियों पर उगी कीकर-बबूल की झाड़ियों ने सड़क के हिस्से को भी अपनी चपेट में ले लिया है। कांटेदार झाड़ियों से राहगीरों को चोट लगने का खतरा बना रहता है। वर्तमान में स्थिति यह है कि चौपहिया और भारी वाहनों की आवाजाही तो मुश्किल हो ही रही है, दुपहिया वाहन चालकों को भी निकलने में परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन हिचकोले खाते हुए गुजरते हैं और दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है।
इस मार्ग से जुड़े सोप, ल्हावद, मिलकसराय, कस्बा शहर, खूडाचैनपुर, कैमा और पिलौदा सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों का कहना है कि कृषि विपणन बोर्ड की ओर से सड़क का निर्माण करवाया गया था, लेकिन निर्माण के कुछ समय बाद ही यह क्षतिग्रस्त होने लगी। इसके बावजूद आज तक मरम्मत और जंगल कटाई का कार्य नहीं कराया गया। इससे नादौती क्षेत्र के अलावा वजीरपुर और पिलौदा परिक्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही है।
इस संबंध में ग्राम पंचायत की सरपंच पूजा कर्णावत और ग्राम पंचायत सोप की सरपंच सजनी देवी ने करौली एवं सवाई माधोपुर जिला प्रशासन सहित संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन भेजा है। उन्होंने सोप से पिलौदा तक क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने और पटरियों पर उगी झाड़ियों की कटाई करवाने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिल सके।