
जयपुर। स्वाधीनता दिवस से कई नई सुविधाएं शुरू होंगी। इसमें आयुष्मान भारत योजना के तहत राज्य के 225 छोटे अस्पताल कों आदर्श वैलनेस सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। वहीं, जयपुर डिस्कॉम किसान ट्रांसफार्मर परिवर्तन योजना की शुरुआत करेगा। इस बीच उत्तर—पश्चिम रेलवे की कई ट्रेनों का समय बदल जाएगा। स्पीड बढ़ेगी तो ट्रेनों के गंतव्य तक पहुंचने की दूरी कम समय में तय हो जाएगी।
आयुष्मान भारत योजना
राज्य के छोटे अस्पतालों में 12 बड़ी सुविधाएं मिलेंगी। इसमें प्रदेश के 225 और जयपुर प्रथम के 17 व द्वितीय के 14 चिकित्सा संस्थान शामिल हैं। प्रसव पूर्व देखभाल, प्रसव, प्रजनन एंव परिवार कल्याण सेवाएं, योग एंव स्वास्थ्य में बढ़ावा, मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं, सामान्य बाह्य रोगी देखभाल, संक्रामक व गैर संक्रामक रोग प्रबंधन, आंख-कान-नाक-गला व मुख स्वास्थ्य सेवाएं, निशुल्क आवश्यक औषधि व जांच, आपातकालीन चिकित्सा एंव इलेक्ट्रॉनिक स्वास्थ्य रिकार्ड जैसी सेवाएं उपलब्ध होंगी।
किसान ट्रांसफार्मर योजना
जयपुर डिस्कॉम ने किसानों के जले ट्रांसफार्मर को अब 72 की बजाय 6 घंटे में बदलने का दावा किया है। इसके लिए योजना की शुरुआत की जा रही है। जयपुर डिस्कॉम में 4 लाख कृृषि उपभोक्ता हैं। जले हुए ट्रांसफार्मर को निर्धारित नीति के तहत बदलने के लिए अधीक्षण अभियन्ता (ओ एण्ड एम) को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कृृषि कनेक्शन नीति, 2017 के तहत अभी 72 घंटे में बदलने का प्रावधान है।
ट्रेनों का समय बदलेगा
उत्तर—पश्चिम रेलवे की कई ट्रेनों का समय बदल जाएगा। इसमें प्रतिदिन चलने वाली ट्रेन भी शामिल हैं। साथ ही ट्रेनों की स्पीड भी बढ़ेगी, जिससे ट्रेनों के गंतव्य तक पहुंचने की दूरी कम समय में तय हो जाएगी। इस बदलाव की सूची जारी की जा चुकी है।