Ghoomar Mahotsav: डिप्टी सीएम दीया कुमारी स्वयं सांसद मंजू शर्मा सहित गणमान्य महिलाओं के साथ मंच पर घूमर नृत्य में शामिल हुईं। महोत्सव में घूमर की प्राचीन शैली की प्रस्तुति 'एक बार हो पिया जयपुर शहर पधार जो…' गीत पर दी गई।
जयपुर। उपमुख्यमंत्री और पर्यटन, कला एवं संस्कृति मंत्री दीया कुमारी की पहल पर राजस्थान में पहली बार सातों संभाग मुख्यालयों पर एक साथ राज्य स्तरीय घूमर महोत्सव का आयोजन किया गया। राजस्थान पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित इस भव्य उत्सव में एक ही समय में लगभग 6,000 महिलाओं ने घूमर नृत्य किया, जिसे एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया।
जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में हुए मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में घूमर प्रस्तुत कर राजस्थान की लोक-संस्कृति को जीवंत कर दिया। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने नगाड़ा बजाकर महोत्सव का शुभारंभ किया और उपस्थित मातृशक्ति का अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान की विरासत और लोक कलाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। घूमर को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए यह उत्सव हर वर्ष बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
डिप्टी सीएम दीया कुमारी खुद सांसद मंजू शर्मा सहित गणमान्य महिलाओं के साथ मंच पर घूमर नृत्य में शामिल हुईं। महोत्सव में घूमर की प्राचीन शैली की प्रस्तुति 'एक बार हो पिया जयपुर शहर पधार जो…' गीत पर दी गई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सांस्कृतिक परंपराओं को जनभागीदारी और नवाचारों से जोड़कर स्थायी मॉडल विकसित कर रही है। भविष्य में घूमर महोत्सव को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक कैलेंडर में शामिल कराने की योजना भी है।
कार्यक्रम के दौरान स्व. पदमश्री गोवर्धन कुमारी को श्रद्धांजलि दी गई और उनके योगदान पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। स्टेडियम में दोपहर से ही महिलाओं का आना शुरू हो गया था। रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजी युवा प्रतिभागियों ने अभ्यास और सेल्फी के साथ माहौल को जीवंत कर दिया।
जोधपुर और जयपुर में 1500 से अधिक पंजीकरण होने पर दोनों संभाग को उच्च श्रेणी पुरस्कार दिए गए। इन शहरों में बेस्ट ग्रुप डांस, बेस्ट कॉस्ट्यूम, बेस्ट ज्वेलरी, बेस्ट सिंक्रोनाइजिंग और बेस्ट कोरियोग्राफी श्रेणियों में कुल 2,34,000 रुपये के पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि शेष पांच संभागों को 1,04,000 रुपये दिए गए। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में जयपुरवासी मौजूद रहे।