जयपुर

यूडी टैक्स वसूली पर सख्ती, चार ने मौके पर जमा करवाई राशि

नगर निगम ने सोमवार को नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) वसूली में सख्ती दिखाई। सांगानेर और मुरलीपुरा जोन में हुई इस कार्रवाई के दौरान चार संपत्तिधारकों ने मौके पर ही राशि जमा करवा दी। इन लोगों ने कुल 17.10 लाख रुपए जमा करवाए।

less than 1 minute read
Mar 17, 2026

जयपुर. नगर निगम ने सोमवार को नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) वसूली में सख्ती दिखाई। सांगानेर और मुरलीपुरा जोन में हुई इस कार्रवाई के दौरान चार संपत्तिधारकों ने मौके पर ही राशि जमा करवा दी। इन लोगों ने कुल 17.10 लाख रुपए जमा करवाए। कार्रवाई के दौरान राखी अग्रवाल, पूजा गारमेंट्स, दिनेश सैनी और नारायण दास ने मौके पर राशि जमा करवाई।

सांगानेर जोन उपायुक्त रवि गोयल ने बताया कि जोन में छह संपत्तियां कुर्क की गईं। इनमें तरुछाया नगर स्थित पिंक सिटी गार्डन पर 16.54 लाख रुपए, तारों की कूट स्थित बॉम्बे गार्डन पर 10.55 लाख रुपए, श्रीराम कॉलोनी निवासी रामजी लाल पर 15.65 लाख, सावित्री विहार निवासी सावित्री शर्मा पर 9.21 लाख, नाकोडा भैरव बिल्डर्स पर 34.51 लाख और आशीष एंटरप्राइजेज की राखी अग्रवाल पर 7.69 लाख रुपए बकाया थे।

वहीं, मुरलीपुरा जोन उपायुक्त पवन शर्मा ने बताया कि छह संपत्तियों को कुर्क किया गया। इनमें मंगलम विहार सनसिटी स्थित एमएस धोनी स्टेडियम संचालक पर 42.38 लाख, श्री जय श्री स्टील, मुरलीपुरा पर 5.20 लाख, उन्नति टावर पर 5.38 लाख, पूजा गारमेंट्स पर 16.70 लाख, दिनेश सैनी पर 4.26 लाख और नारायण दास पर 3.14 लाख रुपए बकाया थे।


वसूली में की जा रही मनमानी: पूर्व मंत्री
पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि यूडी टैक्स की अवैध तरीके से वसूली की जा रही है। निजी कंपनी बिना नाप किए गैर-कानूनी तरीके से गलत नोटिस भेजकर लोगों के मकान और प्रतिष्ठान सील कर रही है। हालात इतने खराब हैं कि जिन लोगों ने यूडी टैक्स जमा करवा रखा है, उनको भी नोटिस थमाए जा रहे हैं।

Published on:
17 Mar 2026 12:03 pm
Also Read
View All

अगली खबर