
जयपुर। एक मां की आंखों में अब भी अपनी बेटी के लिए न्याय की उम्मीद जिंदा है। हाथों में बेटी की तस्वीर और दिल में इंसाफ की आस लिए वह पिछले एक महीने से सरकारी दफ्तरों और अधिकारियों के चक्कर लगा रही है। जब उसे अपनी बेटी की मौत की जांच में कोई ठोस प्रगति नजर नहीं आई तो शनिवार को वह परिवार के साथ भाजपा मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठ गई। उनकी मांग सिर्फ एक है-मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को सजा।
15 वर्षीय छात्रा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर परिवार जयपुर में भाजपा मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने परिजनों से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। वहीं देर रात पुलिस धरना दे रहे परिवार के लोगों को वहां से हटाकर वाहन में बैठाकर ले गई। इस दौरान परिजन विरोध करते रहे। परिवार का आरोप है कि उन्हें जबरन वहां से हटाया गया। उधर, डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज ने बताया कि परिवार के सदस्यों को उनके घर छोड़ दिया गया।
मामला प्रताप नगर थाना क्षेत्र का है। यहां 6 जून को 15 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। छात्रा शाम को साइक्लिंग के लिए घर से निकली थी। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। अगले दिन उसका शव एक 13 मंजिला अपार्टमेंट के पोर्च में मिला था। परिजनों का आरोप है कि यह हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है।
धरने पर बैठी छात्रा की मां ने कहा कि बेटी की मौत के बाद अस्पताल के बाहर धरने के दौरान भी अधिकारियों ने न्याय का भरोसा दिया था। उस आश्वासन पर उन्होंने धरना समाप्त कर दिया था, लेकिन एक माह बीतने के बाद भी उन्हें कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही। उनका कहना है कि अब वे केवल आश्वासन नहीं, बल्कि यह स्पष्ट जवाब चाहती हैं कि मामले की जांच सीबीआई को सौंपी जाएगी या नहीं। जब तक कोई स्पष्ट निर्णय नहीं होगा, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
मृतका के पिता ने बताया कि स्कूल की छुट्टियां होने के कारण बेटी रोज अपनी मां की दुकान पर जाती थी। दुकान उसी अपार्टमेंट के पास है, जहां से शव मिला। उन्होंने कहा कि आज भी उन्हें विश्वास नहीं होता कि उनकी हंसती-खेलती बेटी अचानक उनसे हमेशा के लिए दूर हो गई। परिवार का कहना है कि उनकी लड़ाई किसी से बदला लेने की नहीं, बल्कि बेटी की मौत का सच जानने की है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने धरने पर बैठे पीड़ित परिवार से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। उन्होंने परिजनों की मौजूदगी में डीजीपी से फोन पर बातचीत की और जांच अधिकारी तथा संबंधित एसीपी को आवश्यक निर्देश देने की बात कही।
राठौड़ ने कहा कि बच्ची की मौत परिवार के लिए असहनीय पीड़ा है और भाजपा पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री से भी इस संबंध में चर्चा की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि किसी राजनीतिक दल के कार्यालय के बाहर धरना देना उचित परंपरा नहीं है।