जयपुर

Sukhdev Gogamedi Murder Case: दोनों शूटर्स की हुई पहचान, तलाश में जुटे 200 पुलिसकर्मी, सामने आई हत्या की वजह

Sukhdev Gogamedi Murder Case: सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को गोली मारने वाले दोनों आरोपियों की पहचान हो गई है। शूटरों की तलाश में 200 से अधिक पुलिसकर्मी जुटे हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों की जानकारी देने वालों को पांच-पांच लाख रुपए के इनाम का एलान किया है।

3 min read
Dec 06, 2023

Sukhdev Gogamedi Murder Case: श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह की हत्या के बाद पूरे प्रदेश में आक्रोश का माहौल है। जगह-जगह विरोध हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। काफी जगह बाजार भी बंद हैं। सनसनीखेज वारदात में शूटरों ने पांच लोगों के गोली मारी। वारदात के समय गोगामेड़ी के दो निजी गनमैन भी वहां मौजूद थे। शूटरों ने मौके पर ही गोगामेड़ी तक पहुंचाने वाले वैशाली नगर निवासी नवीन सिंह शेखावत की भी गोली मारकर हत्या कर दी। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी से मिलवाने वाले नवीन को शूटरों ने गोली क्यों मारी? यह बड़ा सवाल है। हो सकता है सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने ऐसा किया। हालांकि, असली सच्चाई का पता तो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही चल पाएगा। नवीन जयपुर में कपड़े का कारोबार करता था।


क्यों शूटरों को बिना तलाशी घर के अंदर भेज दिया?
वैशाली नगर निवासी नवीन सिंह के साथ दोनों शूटर चंदा लेने के बहाने गोगामेड़ी से रविवार दोपहर को मिलने पहुंचे थे। गोगामेड़ी का नवीन अच्छा परिचित था। इसके चलते गनमैन ने नवीन के साथ आए शूटरों को बिना तलाशी घर के अंदर भेज दिया। घर के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद हुई, जिसमें करीब दस मिनट तक शूटर नवीन की मौजूदगी में गोगामेड़ी से बातचीत कर रहे हैं।


दोपहर करीब 1.21 बजे एक शूटर ने अचानक पिस्टल निकाल गोगामेड़ी के सीने पर गोली मार दी और पलभर में दूसरा फायर नवीन पर कर दिया। फिर दोनों शूटरों ने अंधाधुंध फायरिंग की। शूटरों ने गोगामेड़ी के कनपटी, सीने, पेट व कमर के बीच चार-पांच गोलियां मारी। नवीन के भी तीन गोली लगी। नवीन बाहर की तरफ भागा, लेकिन घर के बाहर पहुंचते ही गिर गया।


चार दिन पहले ही किराए पर ली थी स्कार्पियो
शूटर जिस स्कार्पियो से गोगामेड़ी के आवास पर पहुंचे थे, वह घटनास्थल पर ही छोड़ गए। पुलिस ने स्कार्पियो के संबंध में जानकारी जुटाई तो पता चला कि चार दिन पहले ही जयपुर में किराए पर ली थी। शूटरों ने नवीन सिंह के आधार की फोटो कॉपी दिलवाकर स्कार्पियो को किराए से लिया था। बताते हैं कि शूटर पहले से नवीन सिंह के संपर्क में थे और चार दिन से नवीन के साथ थे। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी से नवीन सिंह चार दिन से ही शूटरों को समाज का बताकर चंदा दिलाने को मिलवाने के लिए समय मांग रहा था। शूटरों के पकड़े जाने के बाद पता चलेगा कि वे क्या झांसा देकर गोगामेड़ी तक पहुंचे थे।

यह भी पढ़ें : सुखदेव सिंह गोगामेड़ी बोले थे मेरी जान को है खतरा, पत्नी दो गनमैन के साथ जाती थी पूजा करने


छुट्टी पर थे दो गनमैन
सुखदेव सिंह ने खुद की जान को खतरा बताते हुए और लगातार जान से मारने की धमकी मिलने की कहते हुए राजस्थान के डीजीपी से सुरक्षा की गुहार लगाई थी। लेकिन सुरक्षा देने का निर्णय सरकार के स्तर पर होने के कारण गोगामेड़ी को सुरक्षा नहीं दी गई। इसके चलते गोगामेड़ी ने खुद के खर्चे पर चार निजी गनमैन सुरक्षा के लिए रख रखे थे। तीन दिन से दो गनमैन छुट्टी पर गए हुए थे। शूटरों ने गोगामेड़ी के संबंध में पूरी रैकी कर रखी थी।

पांच-पांच लाख रुपए के इनाम का एलान
सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को गोली मारने वाले दोनों आरोपियों की पहचान हो गई है। एक आरोपी का नाम रोहित राठौड़ है। रोहित मकराना का रहने वाला बताया जा रहा है। वहीं दूसरे का नाम नितिन फौजी है। नितिन हरियाणा के महेंद्रगढ़ का रहने वाला बताया जा रहा। फिलहाल दोनों फरार हैं। पुलिस इनकी तलाश में जुटी है। पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने बताया कि वारदात वांटेड रोहित गोदारा की गैंग ने की है। रोहित गोदारा व सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के बीच कुछ वर्षों से व्यक्तिगत रंजिश चल रही थी। अभी तक की जांच में सामने नहीं आया कि किस विवाद के चलते यह वारदात की गई है। शूटरों की तलाश में 200 से अधिक पुलिसकर्मी जुटे हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों की जानकारी देने वालों को पांच-पांच लाख रुपए के इनाम का एलान किया है। मामले में एसआइटी गठित हो गई है, जिसकी अगुवाई एडीजी क्राइम दिनेश एमएन करेंगे।

यह भी पढ़ें : कौन है नवीन शेखावत जो हमलावरों को लेकर आया था गोगामेड़ी के घर, चाय पिलाई और उसके बाद गोली मार दी

Published on:
06 Dec 2023 02:14 pm
Also Read
View All