जयपुर

Sukhdev Singh Gogamedi CCTV Video: सामने आया सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड का दूसरा वीडियो, शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन

Sukhdev Singh Gogamedi CCTV Video: राजपूत समुदाय के सदस्यों ने जयपुर में उस अस्पताल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया, जहां राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के पार्थिव शरीर रखा गया है। इसके अलावा भी प्रदेश में कई जगह प्रदर्शन की खबर है।

2 min read
Dec 05, 2023

Sukhdev Singh Gogamedi CCTV Video: राजस्थान में सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की मंगलवार दोपहर को जयपुर में बदमाशों ने गोली मारकर कर हत्या कर दी। गोगामेड़ी को श्यामनगर थाना क्षेत्र में उनके निवास पर बदमाशों ने कई गोलियां मारी। इसके बाद उन्हें मेट्रो मास अस्पताल ले जाया गया लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया। फायरिंग के दौरान गोगामेड़ी के गनमैन सहित चार लोग घायल हो गए। गनमेन सहित दो घायलों को सवाईमान सिंह अस्पताल के ट्रोमा सेन्टर में भर्ती कराया गया हैं।

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें साफ दिख रहा है कि बदमाश पहले आराम से बैठकर सुखदेव सिंह गोगामेड़ी से बात कर रहे थे। इसके बाद अचानक उन्होंने गोलियां चलाईं। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या जयपुर में श्याम नगर जनपथ स्थित उनके घर पर की गई है। फिलहाल इस हत्याकांड की जिम्मेदारी राजस्थान के रोहित गोदारा गैंग ने ली है। पुलिस इसकी पड़ताल में जुट गई है।

जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जार्ज जोसेफ ने बताया कि गोगामेड़ी पर गोली चलाने वालों में एक मुलताई शाहपुरा निवासी नवीन सिंह शक्तावत था। उसकी भी मौत हो गई है। नवीन जयपुर में कपड़े का व्यापार करता था। मौके से भागने वाले आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

जयपुर में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह हत्याकांड से जुड़ा दूसरा वीडियो भी सामने आया है। ये वीडियो उस घर के बाहर लगे कैमरे का है जहां हत्या हुई। इसमें दिख रहा है कि अंदर हुए गोलीकांड के बाद बाहर खड़े गार्ड सतर्क हो जाते हैं। लेकिन फिर गोली से बचने के लिए वे साइड हो जाते हैं। इस दौरान तीनों हत्यारे भागने लगते है। इस दौरान एक को गार्ड की गोली लगती है, जिससे वह वहीं गिर जाता है। वहीं बाकी दो भाग जाते हैं।

राजपूत समुदाय के सदस्यों ने जयपुर में उस अस्पताल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया, जहां राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के पार्थिव शरीर रखा गया है। इसके अलावा भी प्रदेश में कई जगह प्रदर्शन की खबर है। घटना के बाद करणी सेना के राष्ट्रीय संयोजक अजीत सिंह मामड़ोली ने कहा कि इसमें किसी बड़े गिरोह एवं लोगों का हाथ हो सकता हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले के आरोपियों को शीघ्र नहीं पकड़ा गया तो करणी सेना प्रदेश में बहुत बड़ा आंदोलन खड़ा करेगी। उल्लेखनीय है कि श्री गोगामेड़ी को धमकियां भी मिल रही थी।

Published on:
05 Dec 2023 05:12 pm
Also Read
View All