
जयपुर। एसएमएस अस्पताल में शनिवार रात आठ बजे दूसरी मंजिल स्थित थ्री डी वार्ड में भर्ती एक प्रसूता ने बाथरूम की खिड़की से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। लेकिन पीछे खड़ी महिला की परिजन ने उसे पकड़ लिया। महिला का पूरा शरीर नीचे लटक गया, ऐसे में आनन-फानन में परिजन ने प्रसूता के पैर पकड़ लिए। बाद में प्रसूता महिला खुद को बचाने के लिए जोर-जोर से चिल्लाने लगी। महिला की चीख से पूरे अस्पताल परिसर में खलबली मच गई। खिड़की के नीचे भीड़ जमा हो गई और महिला को बचाने के प्रयास शुरू कर दिए। बाद में परिजनों के शोर करने पर गार्ड और अन्य लोगों ने महिला को खींचा और जान बचाई।
सदमे में थी महिला
सीकर जिले की सुरज्ञान देवी को चार दिन पहले प्रसव के लिए जनाना अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां गर्भस्थ दो शिशुओं की मौत हो गई। लीवर में परेशानी के चलते प्रसूता की तबियत बिगड़ गई और उसे एसएमएस अस्पताल के थ्री डी वार्ड में भर्ती कराया गया। शनिवार रात आठ बजे प्रसूता की भाभी सोनी उसे बाथरूम ले गई। यहां पर बाथरूम की खिड़की खुली थी, जिसमें से प्रसूता ने कूदने का प्रयास किया। प्रसूता के भाई बजरंग के अनुसार शिशुओं की मौत के बाद महिला सदमे आ गई। इसके अलावा दो साल पहले सुरज्ञान के शादीशुदा भाई की भी हार्टअटैक से मौत हो गई थी।
सुरक्षा को लेकर सख्ती बरतेंगे
शिशुओं की मौत से महिला को सदमा लगा था। वहीं सुरक्षा को लेकर कमी दिखी। इसमें सख्ती बरती जाएगी। बाथरूम की जाली को भी ठीक कराया जाएगा। महिला का इलाज कराया जा रहा है।
डीएस मीणा, अधीक्षक एसएमएस अस्पताल