
जयपुर . तख्तेशाही रोड स्थित एसएमएस स्कूल में ग्यारहवीं कक्षा की छात्रा को मानसिक प्रताडऩा देने के मामले में गुरुवार को स्कूल प्रबंधन राजस्थान बाल अधिकार संरक्षण आयोग के कार्यालय में उपस्थित हुआ। आयोग में सदस्य सचिव वी. सरवन व सदस्य जयश्री गर्ग के नेतृत्व में गठित कमेटी ने प्रार्थी छात्रा, उसके माता-पिता, स्कूल के शिक्षक व प्राचार्य का पक्ष सुना। तीन घंटे तक चली कार्यवाही के दौरान पहले प्रार्थी पक्ष व उसके बाद स्कूल प्रबंधन उपस्थित हुआ। छात्रा ने ग्यारहवीं कक्षा में जबरन फेल करने, प्राइवेट ट्यूशन का दबाव बनाने, खेल-कूद से दूर करने का २ महिला शिक्षकों पर आरोप लगाया था। इन महिला शिक्षकों के पक्ष में करीब ३० शिक्षक आयोग कार्यालय में पहुंच गए। इतने शिक्षकों को एकसाथ देख छात्रा एकबारगी घबरा गई। दरअसल, बुधवार को छात्रा के परिजनों ने आयोग में स्कूल के खिलाफ शिकायत दी थी। इसके बाद आयोग ने कमेटी बनाकर स्कूल को नोटिस जारी कर तलब किया था।
बाल आयोग में और 2 शिकायतें पहुंचीं
स्कूल में छात्र-छात्राओं को मानसिक प्रताडऩा देने के मामले में गुरुवार शाम बाल आयोग में और २ शिकायतें पहुंची हैं। एक शिकायत एसएमएस व दूसरी जयश्री पेडीवाल स्कूल की है। एसएमएस स्कूल के एक छात्र ने आयोग में पत्र भेजकर शिकायत की है कि स्कूल के शिक्षक प्राइवेट ट्यूशन लेने का दबाव बना रहे हैं। वहीं जयश्री पेडीवाल स्कूल के खिलाफ आई शिकायत में आरोप लगाए गए हैं कि जिला कलक्टर के आदेशों के बाद भी तेज धूप में स्कूल की छुट्टी की जा रही है। एसएमएस स्कूल की २ शिकायतें मिलने पर आयोग अब जांच कमेटी बनाकर स्कूल का दौरा ही करेगा।
छात्रा के पिता छात्रा के पिता ने बताया की स्कूल प्रबंधन ने जान-बूझकर छात्रा को ग्यारहवीं में फेल कर दिया। कुछ टीचर ट्यूशन लेने का दबाव बना रहे हैं। छात्रा हैंडबॉल में गोल्ड मैडलिस्ट है। स्कूल ने छात्रा को खुद टूर्नामेंट में बाहर भेजा। फिर भी उस दौरान स्कूल में अनुपस्थित बता दिया।
स्कूल प्रिंसीपल कृष्णा भाटी का कहना है की छात्रा ३ विषय में फेल है। सीबीएसई के नियमों के अनुसार विद्यार्थी एक से अधिक विषय में फेल हो तो दोबारा परीक्षा नहीं ली जा सकती। छात्रा के माता-पिता ने ट्यूशन के दबाव संबंधी या अन्य शिकायत लिखित में नहीं की है। यदि टीचर्स ऐसा कर रहे हैं तो गंभीर है।
सदस्य सचिव वी. सरवन और आयोग सदस्य जयश्री गर्ग, का कहना है की छात्रा गोल्ड मैडलिस्ट है। स्कूल का कहना है कि वह ३ विषय में फेल है, अत: दोबारा परीक्षा नहीं लेंगे। आज दोनों पक्ष सुने गए। सोमवार को कमेटी बनाई जाएगी, जो स्कूल जाकर जांच करेगी।