
Death In Rajasthan Road Accident: जयपुर के आमेर रोड स्थित घाटी वाली दरगाह के पास गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। SUV और स्कूटी के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी पर सवार तीनों युवक करीब 10 फीट दूर सड़क पर जा गिरे। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है जिसमें दुर्घटना की भयावह तस्वीर साफ दिखाई दे रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए आमेर रोड पर यातायात भी प्रभावित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूटी तेज रफ्तार में घाटी की ओर से आ रही थी। मोड़ पर पहुंचने के दौरान चालक स्कूटी पर नियंत्रण नहीं रख सका और सामने से आ रही SUV से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक हवा में उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद करते हुए पुलिस तथा एम्बुलेंस को सूचना दी। जयपुर की आमेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के अनुसार हादसे में बस्सी निवासी 30 वर्षीय तरुण खटीक की मौके पर ही मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए SMS अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है जहां शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। दुर्घटना में गणेश कॉलोनी (गलता गेट) निवासी पवन खटीक और मही यादव गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि मृतक तरुण और घायल पवन आपस में जीजा-साले हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना के बाद कुछ समय के लिए आमेर रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त स्कूटी और एसयूवी को सड़क से हटवाकर यातायात को दोबारा सुचारू कराया। इस बीच हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया जिसमें तेज रफ्तार स्कूटी सामने से आ रही एसयूवी से टकराती और तीनों युवक दूर जा गिरते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी वीडियो प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद यदि किसी पक्ष की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।