
जयपुर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के तमाम दावों के के बीच प्रदेश में स्वाइन फ्लू का कहर बरकरार है। तूफानी गति से आया स्वाइन फ्लू थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में 19 दिन में स्वाइन फ्लू से 25 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 450 से ज्यादा लोग स्वाइन फ्लू का दर्द झेल रहे है। विभाग के अधिकारी कह रहे हैं कि पुणे की लैब से सम्पर्क साधा गया है जिससे यह पता लग सके कि स्वाइन फ्लू के वायरस का प्रकोप कितने सप्ताह तक रहता है। उधर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में स्वाइन फ्लू के लक्षणों वाले मरीजों की पहचान के लिए किए जा रहे सर्वे पर अब सवाल उठने लगे है।
वहीं राजधानी जयपुर में भी स्वाइन फ्लू का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। राजधानी जयपुर में सर्वाधिक 215 लोग स्वाइन फ्लू का दर्द झेल रहे है। वहीं विभाग लगातार स्क्रीनिंग के दावे कर रहा है और जागरूकता लाने की बात कर रहा है। लेकिन स्वाइन फ्लू का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्वाइन फ्लू का सबसे ज्यादा कहर जयपुर और जोधपुर में सामने आ रहा है। जबकि इन दोनों जिलों में ही चिकित्सा एवं स्वाथ्य विभाग ने स्वाइन फ्लू की रोकथाम के लिए अपने सभी संसाधन और ताकत झौंक रखी है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वायरस के स्वरूप में बदलाव के चलते स्वाइन फ्लू के पूरे साल ही असर रहने की संभावना है।
आपको बता दें कि प्रदेश में नए साल की शुरूआत के साथ ही एक के बाद एक लोगों की जान ले रहा स्वाइन फ्लू चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के लिए महज सीजनल डिजीज यानि मौसमी बीमारी की तरह हो गया है।विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अभी सर्दी ज्यादा है तो स्वाइन फ्लू के मामले थोडा ज्यादा आएंगे और फिर आने वाले कुछ महीनों में कम हो जाएंगे।