
निवाई. शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद शाखा की ओर से पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए सुरेश शर्मा ने भारत विकास परिषद की सेवा, संस्कार, सहयोग, संपर्क एवं समर्पण पर आधारित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गुरु और विद्यार्थी ही राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के वास्तविक निर्माता हैं। और संस्कारयुक्त शिक्षा ही सशक्त समाज और समृद्ध राष्ट्र की आधारशिला है। प्रधानाचार्य गिरिराज प्रसाद गुर्जर ने कहा कि गुरु केवल पाठ्यपुस्तकों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि अपने आचरण, अनुभव और संस्कारों से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को नई दिशा प्रदान करते है। शाखाध्यक्ष गजेंद्र जैन ने कहा कि भारत विकास परिषद शिक्षा, सेवा और संस्कार के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने के लिए भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करती रहेगी।कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अतिथियों ने अनुशासन, सत्यनिष्ठा, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व और नैतिक मूल्यों के पालन का सामूहिक संकल्प लिया। अंत में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में राहुल जैन, विनोद जैन, राहुल आंडरा, सचिन जैन, लक्ष्मण खटाना, नितिन जैन सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
फोटोकेप्शन
एनई2907सीसी-निवाई. राउमावि निवाई में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राएं।