जयपुर

तेज रफ्तार एसयूवी ने किशोरी को कुचला, मौत

Jan 22, 2026
Feature image

जयपुर।

कालवाड़ रोड एक्सप्रेस हाइवे पर शांति बाग हनुमानजी मंदिर के सामने मंगलवार सुबह तेज रफ्तार एसयूवी ने सड़क किनारे खड़ी किशोरी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किशोरी की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कुछ दूर जाकर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कांवटिया अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

पुलिस के अनुसार मृतका अनाया शर्मा झुंझुनूं जिले के गुढ़ा गौढ़ की रहने वाली थी और वर्तमान में झोटवाड़ा क्षेत्र में पीजी में रहकर पढ़ाई कर रही थी। अनाया का हाल ही में भारतीय वायुसेना में चयन हुआ था और वह फिजिकल परीक्षा की तैयारी में जुटी हुई थी।

दौड़ लगाते समय हुआ हादसा

पुलिस ने बताया कि अनाया मंगलवार सुबह करीब 6.30 बजे अपनी सहेली के साथ शांति बाग हनुमान मंदिर के सामने दौड़ लगाने पहुंची थी। सहेली पीछे रह गई, जिस पर अनाया सड़क किनारे खड़े होकर उसका इंतजार कर रही थी। इसी दौरान अजमेर रोड की ओर से तेज गति से आ रही एसयूवी ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल अनाया को स्थानीय लोग अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

देश सेवा का सपना टूटा

अनाया पढ़ाई में होनहार थी और एयरफोर्स की लिखित परीक्षा पास करने के बाद लगातार फिजिकल की तैयारी कर रही थी। परिवार को उम्मीद थी कि जल्द ही वह देश की सेवा करेगी, लेकिन हादसे ने उनका सपना छीन लिया।

थार चालक की तलाश जारी

एक्सीडेंट थाना वेस्ट के थानाप्रभारी रामकृपाल मीना ने बताया कि हादसे में शामिल एसयूवी के नंबर के आधार पर जांच की जा रही है। वाहन जयपुर का पंजीकृत पाया गया है। पुलिस ने थार को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश तेज कर दी गई है।

Updated on:
22 Jan 2026 12:24 pm
Published on:
22 Jan 2026 12:24 pm