जयपुर

बजट की आहट से पहले टेंडर कर डाले झटपट… करोड़ों के काम शुरू, कुछ पूरे…कुछ अधूरे

जयपुर. नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (एनकैप) का बजट अभी मिला नहीं है और नगर निगम ने करोड़ों के काम भी शुरू कर दिए हैं। कुछ जगहों पर काम भी पूरे हो गए, कई जगह चल रहे हैं। अब 31 मार्च तक एनकैप का पैसा नहीं आया तो वह लैप्स हो सकता है, ऐसे में इन […]

2 min read
Feb 22, 2026

जयपुर. नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (एनकैप) का बजट अभी मिला नहीं है और नगर निगम ने करोड़ों के काम भी शुरू कर दिए हैं। कुछ जगहों पर काम भी पूरे हो गए, कई जगह चल रहे हैं। अब 31 मार्च तक एनकैप का पैसा नहीं आया तो वह लैप्स हो सकता है, ऐसे में इन कामों का भुगतान कहां से होगा, यह भी तय नहीं है।

अधिकारियों की मानें तो 15वें वित्त आयोग के तहत केन्द्र सरकार की ओर से एनकैप में शहर को करीब 75 करोड़ रुपए मिलने हैं, लेकिन अब तक यह पैसा नहीं आया है। इससे पहले ही निगम ने करीब 45 करोड़ रुपए के टेंडर कर काम शुरू कर दिए हैं। इनमें किशनपोल, आदर्श नगर, हवामहल-आमेर व सिविल लाइंस जोन में 32 करोड़ रुपए के टेंडर कर लिए हैं, हर जोन में 8-8 करोड़ के टेंडर कर काम भी स्वीकृत कर लिए गए हैं।

इनमें सिविल लाइंस जोन क्षेत्र में सड़क व फुटपाथ निर्माण के 26 काम स्वीकृत किए हैं, जिनमें कुछ जगह काम पूरे भी हो गए हैं, बाकी जगह काम चल रहे है। ऐसे ही किशनपोल जोन क्षेत्र में 7 काम स्वीकृत कर लिए है, यहां कुछ काम पूरे हो गए तो कुछ जगह चल रहे हैं। हवामहल-आमेर जोन और आदर्श नगर जोन क्षेत्र में भी काम स्वीकृत कर लिए गए हैं, हालांकि पैसा नहीं आने से काम शुरू नहीं कर पाए हैं।

सड़क-फुटपाथ निर्माण पर ही फोकस

एनकैप के बजट में इस बार भी निगम सड़कें बनाने, फुटपाथ निर्माण और सड़क सुदृढीकरण के काम स्वीकृत किए हैं, जबकि एनकैप के मद से होने वाले कामों में वायु गुणवत्ता सुधार पर फोकस करना होता है।

एक हुआ निगम तो रोके वर्क ऑर्डर

ग्रेटर व हैरिटेज निगम एक होने के बाद निगम आयुक्त गौरव सैनी ने एनकैप के कामों के वर्क ऑर्डर रोक दिए हैं। आयुक्त का तर्क है कि जब पैसा आएगा, उसके बाद ही काम शुरू करवाएंगे। ऐसे में टेंडर होने के बाद भी काम अटक गए हैं। हालांकि करीब 45 करोड़ के कामों की फाइलें स्वीकृत हो चुकी हैं, लेकिन अधिकारी एनकैप के बजट का इंतजार कर रहे हैं।

तीन बार किए टेंडर

अधिकारियों के अनुसार तत्कालीन हैरिटेज निगम ने एनकैप के बजट आने की उम्मीद में 2 बार टेंडर कर लिए, लेकिन 30 दिन तक इंतजार करने के बाद स्वीकृति नहीं मिल पाई। ऐसे में टेंडर निरस्त हो गए। इसके बाद फिर से टेंडर किए और उन्हें स्वीकृत कर लिया गया।

स्वीकृति जारी कर दी
एनकैप के तहत केन्द्र सरकार ने 75 करोड़ रुपए की स्वीकृति जारी की है, अभी पैसे आए नहीं हैं। स्वीकृति मिल गई तो पैसे आने ही हैं। 45 करोड़ के कामों के टेंडर कर स्वीकृति जारी कर दी गई है।
- किशनलाल मीना, अधीक्षण अभियंता व प्रभारी अधिकारी एनकैप, नगर निगम

Published on:
22 Feb 2026 11:56 am
Also Read
View All

अगली खबर