20 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयपुर में गर्भवती महिला से छेड़छाड़ करने वाले राहुल का पाकिस्तान कनेक्शन? हथियार सौदे का खुलासा

Jaipur Crime: जयपुर में गर्भवती महिला से अभद्रता के मामले में गिरफ्तार आरोपी राहुल उर्फ राज को लेकर जांच में चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। वारदात के बाद मध्य प्रदेश भागे आरोपी का अब कथित पाकिस्तान कनेक्शन भी जांच के दायरे में है, जहां हथियार खरीदने की बात सामने आई है।

2 min read
Google source verification
Jaipur Molestation Case

आरोपी राहुल की फोटो: पत्रिका

Molestation of Pregnant Woman In Jaipur: जयपुर में गर्भवती महिला से अभद्रता के मामले में जवाहर सर्कल थाना पुलिस की गिरफ्त में चल रहे आरोपी राहुल उर्फ राज वारदात के बाद वीडियो वायरल होने के बाद मध्यप्रदेश भाग गया था। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए 300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों को देखकर रूट मैप तैयार किया था।

उस समय उसके मध्यप्रदेश जाने की बात सामने आई थी। आरोपी ने डकैती मामले में मुरैना कोर्ट में सरेंडर किया था। जयपुर पुलिस आरोपी को अपने साथ लेकर मध्य प्रदेश पहुंची है, जहां उन स्थानों की गहन पड़ताल की जा रही है, जहां वह वारदात के बाद छिपता रहा।

आरोपी ने एक वेबसाइट के जरिए पाकिस्तान में संपर्क कर हथियार खरीदने के लिए बात की थी। इसके लिए 3 लाख रुपए भी तय हो चुके थे। लेकिन बाद में उसने बातचीत बंद कर दी और यह सौदा कैंसिल हो गया।

पुलिस टीम अब यह पता लगा रही है कि उसने पाकिस्तान में किन लोगों से बात की थी। इसके साथ ही पुलिस टीम आरोपी की कार और अन्य संदिग्ध सामान की बरामदगी के प्रयासों में भी जुटी हुई है। साथ ही घटनास्थल का नक्शा तैयार किया जा रहा है, ताकि पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को सही क्रम में जोड़ा जा सके।

पुलिस की नजर में कई नाम

पुलिस का मानना है कि आरोपी ने फरारी के दौरान लगातार अपने ठिकाने बदले और इस दौरान स्थानीय स्तर पर कुछ लोगों की मदद भी संभव है। जांच टीम अब मौके पर पहुंचकर न केवल उसका पूरा मूवमेंट ट्रैक कर रही है, बल्कि यह भी पता लगाने में जुटी है कि किन लोगों ने उसे शरण दी और कैसे वह लंबे समय तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहा। साथ ही टीम उसके संपर्क में रहे लोगों के कॉल रिकॉर्ड और लोकेशन डेटा भी खंगाल रही है।

पुलिस की मानें तो मध्य प्रदेश में चल रही इस पड़ताल का मुख्य उद्देश्य न केवल आरोपी के नेटवर्क को उजागर करना है, बल्कि अदालत में पेश की जाने वाली चार्जशीट को भी ठोस और तथ्यात्मक आधार देना है। पुलिस के अनुसार मौके पर मिलने वाला हर साक्ष्य मामले की जांच को और मजबूत बनाएगा, जिससे आरोपी के खिलाफ पुख्ता सबूत पेश किए जा सकें।

बड़ी खबरें

View All

जयपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग