
जयपुर। राजस्थान विश्वविद्यालय प्रशासन का एक बार फिर से दोहरा चेहरा सामने आया है। जिसमें विश्वविद्यालय परिसर में शिक्षकों के लिए लगे टैंट को लेकर सवाल खड़े हो गए है। ये सवाल शिक्षकों द्वारा परिसर में धरने के लिए लगाए गए टैंट को लेकर खड़े हुए है, वहीं टैंट और कैनोपी..जिसको लगाने पर विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों पर लाठीचार्ज करवा चुका है। दरअसल मंगलवार को शिक्षक संघ रूटा और रूक्टा ने विश्वविद्यालय परिसर में अपनी छह सूत्रीय मांगों को लेकर धरना दिया था। जिसमें विश्वविद्यालय परिसर में ही टैंट लगाकर वह वहां बैठे रहे। लेकिन करीब गत एक सालों की बात करें तो विश्वविद्यालय प्रशासन ने टैंट या कैनोपी लगाने वाले छात्रों पर पुलिस से बलप्रयोग कर हटवा दिया था।
लेकिन जब शिक्षकों के मुद्दों की बात आई तो प्रशासन ने टैंट लगाने की अनुमति दे दी। जबकि इससे पहले एबीवीपी की ओर से कैनोपी लगाकर छात्र सहायता शिविर को लेकर विवाद हो गया था जिसमें पुलिस ने कैनोपी हटाने के लिए छात्रों पर लाठीचार्ज किया था। इसी तरह अन्य धरने प्रदर्शन व हड़ताल पर बैठने वाले विद्यार्थियों को प्रशासन ने इसी तरह पुलिस से बलप्रयोग कर हटवा दिया था। जिसके बाद शिक्षकों के हुए इस प्रदर्शन पर छात्रसंगठनों ने सवाल खड़े कर दिए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन का दोगला चेहरा सामने आया है। विद्यार्थियों की पहले तो सुनवाई नहीं होती है। अगर माने मनवाने के लिए धरना प्रदर्शन करते है या टेंट लगाकर हड़ताल करते है विश्वविद्यालय प्रशासन पुलिस से लाठीचार्ज कर उठवा देती है व मुकदमें लगवा देती है।
हाल ही में छात्र सहायता शिविर के लिए भी एबीवीपी के कार्यकर्ताओं पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने लाठीचार्ज करवा दिया था।
-संजय माचेड़ी,एबीवीपी प्रत्याशी, आरयू
अपनी-अपनी मांगों को लेकर जहां छात्रों पर लाठियां बरसाई जाती है और उसी जगह पर शिक्षकों द्वारा टैंट लगाकर धरना दिया जाता तो विवि प्रशासन को कोई तकलीफ नहीं होती है, इस तरह के रवैये से विवि प्रशासन और पुलिस प्रशासन का दोगला चेहरा सामने आता है।
-महेश सामोता एनएसयूआई