जयपुर

बीसलपुर के पानी के लिए लंबा इंतजार बना मजबूरी, 4 हजार जल कनेक्शन पेंडिंग

Feb 16, 2026
Feature image

पृथ्वीराज नगर फेज-2 में जैसे जैसे टंकियों के निर्माण का कार्य पूरा हो रहा है वैसे ही इस क्षेत्र की कॉलोनियों में जल कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब हाल ये है कि वर्षों से बीसलपुर का पानी मिलने की आस लिए बैठे लोग जल कनेक्शन के लिए आवेदन कर रहे हैं, जिससे जल्द से जल्द पानी मिले। स्थिति ऐसी है कि झोटवाड़ा के करधनी सहायक अभियंता के स्तर पर ही जल कनेक्शन के 4 हजार से ज्यादा कनेक्शन महीनों से पेंडिंग चल रहे हैं। ऐस में इस क्षेत्र की सैंकडों कॉलोनियों के लोगों के लिए बीसलपुर का पानी मिलने का इंतजार लंबा खिंचता दिख रहा है। उधर कनेक्शन की पेंडेंसी पर आला अधिकारी अपना तर्क दे रहे हैं कि एक ही दिन में हजारों आवेदन आ रहे हैं, इस वजह से पेंडेंसी बढ़ रही है।

पोर्टल पर आवेदन-पहली स्टेप पर ही अटक रहे

पत्रिका की पड़ताल में सामने आया कि जल मित्र पोर्टल पर सहायक अभियंता के स्तर पर कनेक्शन जारी करने की कार्रवाई होती है। पोर्टल पर कनेक्शन जारी होने का यह पहला स्टेप है, लेकिन इस स्टेप पर ही कनेक्शन की पेंडेंसी का पहाड उच्च अधिकारियों को भी चौंका रहा है।

सामग्री खत्म, ठेकेदार के स्तर पर अटके 1500 कनेक्शन

जानकारी में यह भी सामने आया है कि यहां 8100 रुपए में जल कनेक्शन की व्यवस्था लड़खड़ा रही है। किसी तरह से लोगों ने सहायक अभियंता के स्तर से कनेक्शन जारी करवाया तो मामला ठेकेदार के स्तर पर अटक गया। आवेदक ठेकेदार को कनेक्शन के लिए कह रहे हैं तो उनको यही जबाव मिल रहा है कि अभी कनेक्शन के लिए सामग्री नहीं है। करधनी क्षेत्र में साइट वैरिफिकेशन के लिए 150 आवेदन लंबिंत हैं, वहीं महज 160 डिमांड नोट ही जारी हो सके हैं।

जलमित्र पोर्टल पर एक ही दिन में जल कनेक्शन के लिए भारी संख्या में आवेदन आ रहे हैं। हमने तय अविधि में कनेक्शन जारी करने के निर्देश दे रखे हैं। 4 हजार कनेक्शन पेंडिंग होने को लेकर सहायक अभियंता से जानकारी ली जाएगी।

सुरेश शर्मा, अधिकशासी अभियंता, विद्याधर नगर

Updated on:
16 Feb 2026 06:20 pm
Published on:
16 Feb 2026 06:20 pm