पापी पेट का सवाल : कुल दुकानें 127 और एक दुकान के लिए 8 दावेदार

दीपावली के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर आवंटित होने वाले पटाखों की हर एक दुकान के लिए 8 दावेदार निगाहें गड़ाए हुए हैं। पटाखों की दुकान को लेकर आए आवेदनों के अम्बार लगने के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी हैरत में पड़ गए हैं।

2 min read
Nov 04, 2015
दीपावली के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर आवंटित होने वाले पटाखों की हर एक दुकान के लिए 8 दावेदार निगाहें गड़ाए हुए हैं। पटाखों की दुकान को लेकर आए आवेदनों के अम्बार लगने के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी हैरत में पड़ गए हैं।

अगले तीन-चार दिन में दुकानों का आवंटन लॉटरी प्रक्रिया के जरिए होने की संभावना है। प्रशासन ने इस बार शहर के आधा दर्जन विभिन्न स्थानों पर 127 पटाखों की अस्थाई दुकान आवंटित करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए प्रशासनिक की ओर से आवेदन के लिए 16 अक्टूबर तक का समय निर्धारित किया था।

निर्धारित समय के दौरान विभिन्न शहर के गांधीपार्क, कम्पनी बाग, श्री जसवंत प्रदर्शनी स्थल, कॉलेज ग्राउण्ड, गणेश मंदिर, मोहन जी मंदिर किला के स्थानों के दुकानों के लिए 1085 आवेदन हुए हैं। इतनी संख्या में आए आवेदनों को देखकर प्रशासनिक अधिकारी भी हैरत में हैं।

30 दुकानें हुई कम

प्रशासन की ओर से विभिन्न स्थानों पर लगने वाले पटाखों की दुकान की संख्या में भी इस बार कमी आई है। पिछली बार की तुलना में इस बार 30 दुकानें कम हैं। जानकारी के मुताबिक इस बार सनातन धर्म स्कूल परिसर में लगने वाली दुकानों को हटा लिया गया है।

सबकी पसंद गांधी पार्क

पटाखों की अस्थाई दुकान के लिए सर्वाधिक आवेदन गांधी पार्क के लिए हुआ है। इस पार्क में निर्धारित दुकानो की एवज में 501 आवेदन हुए हैं। जबकि गणेश मंदिर के स्थान पर लगने वाली दुकानों के एक भी आवेदन नहीं हुआ है।

लॉटरी रहेगी खास

पटाखों की दुकान के लिए आए आवेदनों की बड़ी संख्या को देखते हुए इस बार होने वाली लॉटरी प्रक्रिया भी खास रहने की संभावना है। दुकानों के आवंटन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर फीस जमा होने के बाद प्रक्रिया शुरू होगी।

जगहवार आवेदनों की तस्वीर

जगह .......... दुकान .......... आवेदन
गांधी पार्क .......... 30 .......... 501
कम्पनी बाग .......... 16 .......... 225
कॉलेज ग्राउण्ड .......... 25 .......... 106
जसवंत प्रदर्शनी .......... 30 .......... 115
मोहन जी मंदिर किला .......... 14 .......... 94
रणजीत नगर .......... 0 .......... 44
गणेश मंदिर .......... 12 .......... 0
(स्रोत- जिला प्रशासन)

एक दिन में 700 पर्चियां

प्रशासन की ओर से अस्थाई दुकान के लिए आवेदन करने वाले लोगों के नाम की लिस्ट जारी करते हुए निर्धारित फीस जमा कराने के निर्देश दिए। इसके तहत मंगलवार सुबह से कलक्ट्रेट परिसर में एक काउंटर पर आवेदकों की ओर से फीस जमा करने का काम शुरू हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि दिनभर में 700 आवेदनोंं को लेकर फीस जमा की गई है। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार शाम तक आवेदनों के सम्बंध में फीस जमा करा सकेंगे।

नियमों की पालना जरूरी

शिवचरण मीणा एसडीएम भरतपुर ने बताया कि शहर में दुकानों के आवंटन के लिए काफी आवेदन आए हैँ। दो-चार दिन में लॉटरी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Published on:
04 Nov 2015 05:57 pm
Also Read
View All