
जयपुर। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित पशु परिचर भर्ती परीक्षा का परिणाम जल्द ही जारी होने वाला है। बोर्ड ने आधिकारिक घोषणा कर दी है कि परीक्षा का परिणाम आगामी 3 अप्रैल 2025 को घोषित किया जाएगा। यह परीक्षा पिछले वर्ष 1, 2 और 3 दिसंबर 2024 को आयोजित की गई थी, जिसमें कुल 10,52,566 अभ्यर्थियों ने भाग लिया था।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर बताया कि पशु परिचर भर्ती परीक्षा का परिणाम 3 अप्रेल को ही निकाला जाएगा। इसके बाद से दस लाख से अधिक परीक्षार्थियों का इंतजार अब खत्म हो गया है।
इस भर्ती परीक्षा की आंसर की पहले ही 24 जनवरी 2025 को जारी कर दी गई थी और आपत्तियां 30 जनवरी 2025 तक मांगी गई थीं। इसके बाद से ही परीक्षार्थी परीक्षा परिणाम के इंतजार में थे। पहले यह परिणाम 31 मार्च तक घोषित करने की योजना थी, लेकिन अब इसे 3 अप्रैल को जारी किया जाएगा।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने इस भर्ती के लिए पदों की संख्या बढ़ाकर 6433 कर दी है। इनमें गैर-अनुसूचित क्षेत्र के 5713 पद और अनुसूचित क्षेत्र के 720 पद शामिल हैं।
परीक्षार्थी अपना परिणाम राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकेंगे। परिणाम से संबंधित लिंक बोर्ड की वेबसाइट पर जल्द ही उपलब्ध होगा।