जयपुर

सेवारत चिकित्सक ने सांसद बनकर अतिरिक्त निदेशक को धमकाया, पुलिस ने आरोपी CMHO को किया गिरफ्तार

सांसद बन अतिरिक्त निदेशक को धमकी देने वाला एसीएमएचओ डॉ. मनीष गिरफ्तार, फोन पर कहा था-"आशा से पंगा लिया, पहले तेरा ही इलाज होगा"।
2 min read
• •
Updated: 6 Dec 2017, 10:50 AM IST
 The serving doctor threatened the additional director by becoming MP Police arrest the culprit

स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त निदेशक को सांसद बनकर मोबाइल पर धमकाने के मामले में जयपुर पुलिस ने भरतपुर के अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष चौधरी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। धमकी 12 नवंबर को डॉक्टरों की हड़ताल खत्म होने के 11 दिन बाद 23 नवंबर को दी गई थी। पुलिस ने डॉक्टर के घर से दो मोबाइल भी बरामद किए हैं। जिस मोबाइल नंबर से धमकी दी थी कि वह नंबर डॉ. मनीष चौधरी का ही था। अशोक नगर थाना पुलिस ने मंगलवार को भरतपुर के डिप्टी सीएमएचओ को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को भरतपुर से पकड़ा है और उससे इस संबंध में पूछताछ की जा रही है। एसएचओ धर्मेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि आरएएस अधिकारी को जान से मारने की धमकी देने के मामले में भरतपुर डिप्टी सीएमएचओ डॉक्टर मनीष चौधरी (45) निवासी हीरादास सर्किल अटलबंद, भरतपुर को गिरफ्तार किया है। मोबाइल कॉल की डिटेल के आधार पुलिस ने मंगलवार को डॉ. चौधरी के आवास पर दबिश दी और वहां नहीं मिलने पर भरतपुर स्वास्थ्य भवन से उसे गिरफ्तार किया गया। डॉ. चौधरी भरतपुर में एक निजी अस्पताल का संचालन भी करता था। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर जयपुर लाई है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।


यह था मामला - महिला डॉक्टर से अभद्रता का लगा था आरोप

मुहाना के वीटी रोड सुमेरनगर विस्तार निवासी गिरीश पाराशर ने 27 नवंबर को मामला दर्ज कराया था। वह तिलक मार्ग पर स्वास्थ्य भवन निदेशालय में अतिरिक्त निदेशक राजपत्रित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा के पद पर कार्यरत है। रिपोर्ट में बताया कि 23 नवंबर दोपहर करीब डेढ़ बजे अपने ऑफिस में राजकार्य निपटा रहे थे, तभी अपने किसी कार्य से सेवारत चिकित्सक संघ की संयुक्त सचिव डॉ. आशा लता कार्यालय में आई और काम के नहीं होने की शिकायत आरएएस गिरीश से की। समझाइश करने पर आशा लता जोर-जोर से बोलने लगी। इसके बाद वह सचिवालय चले गए। दोपहर करीब सवा तीन बजे कार्यालय में पहुंचने पर आशा डेढ़ दर्जन लोगों के साथ वहां लौटी और शोर मचाना शुरू कर दिया। समझाइश करने पर आशा वहां से चली गई। इसके करीब आधे घंटे बाद गिरीश पाराशर के मोबाइल पर कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को सांसद बताते हुए अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी।

Published on: