
जयपुर
रसूखदारों को अपने प्रेम के जाल में फंसाकर ब्लेकमेलिंग करने वाली प्रिया सेठ ने भारी सामन रखकर ले जाने की कहकर सोड़ाला से सूटकेस खरीदा था। यह सूटकेस उसने 1600 रुपए में खरीदा था। पुलिस ने आज सूटकेस की दुकान पर जाकर पूछताछ की तो यह बात निकल कर सामने आई। सात दिन के रिमांड पर चल रही प्रिया सेठ और उसके साथियों से पुलिस की पूछताछ जारी है, लेकिन अभी तक वह ठगी के शिकार लोगों का आंकड़ा नही बता पाई है। पुलिस का कहना है कि प्रिया अभी पूरी तरह से पूछताछ में सहयोग नहीं कर रही है। हालांकि उसका कहना है कि अब तक जितने भी लोगों से ठगी की है वह सभी पैसे वाले लोग थे। कई लोग ऐसे भी थे जिन्होंने पैसा देने के बाद दुबारा फोन तक नहीं किया। बदमानी के डर से लोग अपनी जुबान नही खोलते थे।
हाथ पैर तोडक़र किया था पैक-
प्रिया ने पुलिस को बताया कि हत्या करने के बाद लाश को सूटकेस में रखने में काफी परेशानी आई। कई कोशिशों के बाद वह लाश को उसमें पैक कर पाए थे। इसके बाद वह आमेर गए और एक सूनसान जगह देखकर वहां फेंक दिया था। दूर फेकने का मकसद सिर्फ इतना था कि पुलिस का ध्यान आमेर की तरफ रहेगा, तब तक वह फ्लैट खाली करके रवाना हो जाएगी। गौरतलब है कि ४ मई को शिवपुरी विस्तार, झोटवाड़ा निवासी दुष्यंत शर्मा को प्रिया सेठ और उसके साथियों ने पहले फ्लैट पर बुलाया। उसे बंधक बनाकर टार्चर करने के साथ ही उसकी हत्या भी कर दी थी। इससे पहले प्रिया ने दुष्यंत के पिता से उसे छोडऩे के एवज में दस लाख रुपए की मांग की थी। पुलिस को बताने और उसके खाते में पैसे नहीं डालने पर दुष्यंत की हत्या की धमकी दी थी। इस पर मृतक के पिता रामेश्वर प्रसाद ने तीन लाख रुपए खाते में भी जमा करवा दिए थे। पकड़े जाने के डर से प्रिया ने अपने साथियों के साथ मिलकर दुष्यंत की हत्या कर दी। पुलिस ने तीनों को बजाज नगर स्थित फ्लैट से गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश कर दिया था।