कम कीमत की घडिय़ों के हाथ नहीं लगाया...
जयपुर। एमआई रोड न्यू कॉलोनी में शनिवार सुबह 10 बदमाश शोरूम का शटर ऊंचा कर 25 लाख रुपए की घडिय़ां चोरी कर ले गए। वारदात का पूरा घटनाक्रम शोरूम में लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया। उन्होंने 31 मिनट में वारदात की। पुलिस ने बताया कि दिलीप कुमार नाजवानी (36) बसंत विहार टोंक रोड का रहने वाला है। एमआई रोड न्यू कॉलोनी रोड स्थित जीवन विहार कॉम्पलेक्स में वे नीलकंठ वॉच कम्पनी के नाम से शोरूम चलाता है। वे शुक्रवार रात करीब नौ बजे शोरूम बंद कर गया था। सुबह शोरूम पर पहुंचा तो वारदात का पता चला।
यूं की वारदात
फुटेज के अनुसार बदमाश शोरूम में सुबह 5 बजे घुसे और 5.31 बजे पर बाहर निकलते दिखाई दे रहे है। उन्होंने चादर की आड़ लेकर शोरूम के शटर को ऊंचा किया। इसके बाद दो साथी शोरूम में घुस गए। टॉर्च जलाकर काउंटर से महंगी घडिय़ों को बैग में भर लिया। दोनों ने कम कीमत की घडिय़ों के हाथ नहीं लगाया। बैग में घडिय़ां भरने के बाद अंदर से ही बाहर खड़े साथियों को मोबाइल पर कॉल कर बुलाया।
बैंक कर्मी बनकर तीन खातों से निकाले 4.10 लाख
मालवीय नगर इलाके में शनिवार को एक व्यक्ति से फोन पर खाते को आधार कार्ड से जोडऩे का झांसा देकर, तीन खातों से 4.10 लाख रुपए निकाल लिए। पीडि़त को ठगी का पता मोबाइल पर मैसेज आने पर चला। पुलिस ने बताया मॉडल टाउन निवासी जगदीश कुमार ने मामला दर्ज करवाया। इसके मुताबिक उसके पास किसी ने बैंक कर्मचारी बनकर फोन किया और बैंक खाते को आधार कार्ड से जोडऩे का झांसा देकर खाते की जानकारी मांगी। आधार नम्बर खाते से मैच नहीं होने का झांसा देकर खाता नम्बर, एटीएम सहित अन्य जानकारी ले ली। साइबर ठग ने पीडि़त के साथ ही पत्नी के दो खातों की भी जानकारी ली और तीनों खातों से उक्त रकम निकाल ली।
एटीएम बदलकर निकाले 25 हजार
सुभाष चौक क्षेत्र में एटीएम से रकम निकालने के दौरान पास खड़े व्यक्ति ने मदद के बहाने युवती का ध्यान बंटाकर एटीएम बदल लिया। फिर आरोपित ने पीडि़ता के खाते से दो बार में 25 हजार रु. निकाल लिए। मोबाइल पर मैसेज आने पर पीडि़ता पल्लवी अग्रवाल (गोविन्द विहार, ब्रह्मपुरी) को ठगी का पता चला। इसके बाद उसने रिपोर्ट दर्ज कराई।
गार्डन से 6.50 लाख रु. से भरा बैग चोरी
जवाहर सर्किल क्षेत्र के एक गार्डन में शुक्रवार को सगाई समारोह के दौरान करीब 6.50 लाख रु. से भरा बैग गायब हो गया। इस संबंध में पीडि़त रामदास अग्रवाल (नटराज नगर, इमली फाटक) ने शनिवार को मामला दर्ज कराया। पुलिस ने बताया कि बेटे की सगाई के दौरान रात 10.15 बजे पीडि़त ने उक्त बैग सोफे पर रख दिया। कुछ देर बाद देखा तो बैग नहीं मिला।