जयपुर

जिस घर में बजने वाली थी शादी की शहनाई, वहां पसरा मातम, हादसे में दो भाइयों सहित 3 की मौत

Jaipur Road accident : एक घर में अगले माह शादी की शहनाई बजने वाली थी, उसी घर में घोड़ी पर सवार होने दूल्हे सहित दो आर्थियां एक साथ उठी तो खुशियां मातम में बदल गई।
2 min read
• •
Updated: 13 Apr 2023, 2:38 PM IST
three youth died in road accident in ring road jaipur

कानोता/शिवदासपुरा। कानोता कस्बे स्थित एक घर में अगले माह शादी की शहनाई बजने वाली थी, उसी घर में घोड़ी पर सवार होने दूल्हे सहित दो आर्थियां एक साथ उठी तो खुशियां मातम में बदल गई।

पुलिस ने बताया कि मंगलवार देर रात शिवदासपुरा थाना क्षेत्र के टोंक रोड स्थित रिंग रोड कट के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों युवक कानोता थाना क्षेत्र के बलाईयों की ढाणी के निवासी थे। मृतकों की पहचान राकेश कुमार बलाई (25) पुत्र हनुमान सहाय बलाई, बाबूलाल बलाई (22) पुत्र भूराराम बलाई सहित अलवर भूरी पहाड़ी हाल किराएदार बलाई की ढाणी निवासी रविकुमार (20) पुत्र रामकिशोर बंजारा के रूप में हुई है।

मंगलवार देर रात शिवदासपुरा वाटिका से किसी परिचित से मिलकर बाइक से अपने घर कानोता लौट रहे थे। उसी दौरान रिंग रोड के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना में बाबूलाल और रविकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राकेश कुमार ने अस्पताल लेकर जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने बुधवार को मृतकों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

मृतक बाबूलाल की 5 मई को थी शादी
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद बलाईयों की ढाणी में चीख पुकार मच गई। मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार 5 मई को बाबूलाल की शादी थी। परिवारजन शादी की तैयारी में लगे हुए थे। राकेश कुमार बलाई और बाबूलाल बलाई एक ही परिवार के चाचा-ताऊ में भाई थे।

एक ही घर से दो शव उठने से आसपास का माहौल गमगीन हो गया था। आसपास के घरों में चूल्हे तक नहीं जले। वहीं रविकुमार पुत्र रामकिशोर बंजारा पिछले कई साल से इनके घर में किराए से रह रहा था। सूचना पर पहुंचे मृतक रवि के परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार के लिए गांव भूरी पहाड़ी अलवर ले गए। जहां उसका अंतिम संस्कार किया गया।

राकेश के एक वर्ष की बेटी
परिजन बिलखते हुए बोले - अरे राकेश बेटी ने तो अभी पापा बोलना भी नहीं सीखा और तू इसे कहा छोड़कर चला गया। राकेश की तीन वर्ष पहले जयपुर सिरसी बिन्दायका, सिंवार मोड़ शादी हुई थी और उसके एक एक वर्ष की बेटी है।

Published on: