जयपुर

हरियाणा के जीजा-साले राजस्थान में गिरफ्तार, ATM बदलकर रुपए उड़ाने में माहिर; बुजुर्ग और महिलाओं को बनाते निशाना

एटीएम बूथ में मदद का झांसा देकर लोगों का कार्ड बदलने वाले गिरोह के दो शातिरों को मालपुरा गेट थाना पुलिस ने दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपी सुरेन्द्र सांसी (42) और सचिन कुमार (27) रिश्ते में जीजा-साले हैं और हरियाणा के भिवानी के रहने वाले हैं।
2 min read
Aug 03, 2026
ATM Card Swap Fraud
पुलिस की गिरफ्त में दोनों आरोपी। फोटो: पत्रिका

जयपुर। एटीएम बूथ में मदद का झांसा देकर लोगों का कार्ड बदलने वाले गिरोह के दो शातिरों को मालपुरा गेट थाना पुलिस ने दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपी सुरेन्द्र सांसी (42) और सचिन कुमार (27) रिश्ते में जीजा-साले हैं और हरियाणा के भिवानी के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी जयपुर के अलावा दूसरे शहरों में भी वारदात को अंजाम दे चुके है। फिलहाल, पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

डीसीपी (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि पीड़ित सुनील कुमार बैरवा ने जयपुर के सांगानेर स्थित एसबीआइ के एटीएम बूथ पर 10 हजार रुपए निकाले थे। पीछे खड़े ठग ने मदद का नाटक कर बातों में उलझाया और चुपके से उनका एटीएम कार्ड अपने पास मौजूद दूसरे कार्ड (दीपेश ठाडे के नाम वाले) से बदल दिया। पीड़ित के घर पहुंचते ही खाते से 10-10 हजार के तीन ट्रांजैक्शन हुए और खाते में महज 782 रुपए बचे। सीसीटीवी फुटेज से दोनों दबोचे गए।

वारदात का हैरान करने वाला तरीका

सॉफ्ट टारगेट: आरोपी बुजुर्गों, महिलाओं और कम पढ़े-लिखे लोगों पर नजर रखते थे।
पिन पर नजर व स्क्रीन का खेल: पीछे खड़े होकर गुप्त पिन नंबर देख लेते, फिर स्क्रीन पर 'कार्डलेस' बटन दबाकर मशीन की प्रक्रिया बदल देते। पीड़ित के भ्रमित होते ही असली कार्ड पार कर फर्जी कार्ड थमा देते।
छीनाझपटी व फरार: अगर कोई पकड़ लेता तो जबरन कार्ड छीनकर भाग निकलते।
वारदात के बाद हाईवे से नहीं जाते: आरोपी बाइक से आते थे और पकड़े जाने से बचने के लिए हाईवे के बजाय अंदरूनी गलियों से घूमकर दूसरे शहरों में ठिकाना बदलते थे।

वाहन चोर पकड़ा, तीन बाइक बरामद

इधर, मालपुरा गेट थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आशु गुर्जर उर्फ रवि (27) निवासी वाटिका (सांगानेर सदर) है। इलाके से वाहन चोरी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में मिले हुलिए और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ करने पर आरोपी की निशानदेही से चोरी की तीनों बाइक बरामद कर ली गईं।

Updated on:
03 Aug 2026 08:43 am
Published on:
03 Aug 2026 08:43 am