3 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जयपुर: नशेड़ी बनकर फुटपाथ पर लेट जाते, रात में सूने मकानों को बनाते निशाना, म​हिला मित्र सहित 3 आरोपी गिरफ्तार

सूने मकानों में सेंधमारी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए खोराबीसल थाना पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से ज्वैलर के घर से चुराए गए करीब 11 किलोग्राम चांदी के आभूषण, बर्तन, सिल्ली के टुकड़े और जस्ता बरामद किया है।
2 min read
Google source verification
jeweler house theft Case

आरोपी राजू, इंद्रा और लोकेश। फोटो: पत्रिका

जयपुर। सूने मकानों में सेंधमारी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए खोराबीसल थाना पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से ज्वैलर के घर से चुराए गए करीब 11 किलोग्राम चांदी के आभूषण, बर्तन, सिल्ली के टुकड़े और जस्ता बरामद किया है। चोरी का माल आरोपी मित्र के घर से मिला। डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया कि 25 जुलाई की रात बैनाड़ रोड (श्रीराम नगर) में ज्वैलर लालचंद स्वामी के सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर व सिल्ली पार कर दी थी।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जयपुर के विद्याधर नगर के एक पार्क से दो आरोपियों को दबोचा। पूछताछ के बाद चोरी का माल छिपाने वाली उनकी महिला मित्र को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

इन्हें किया गिरफ्तार

-भीलवाड़ा के कुचलवाड़ा निवासी राजू गवारिया उर्फ राजा
-उदयपुर के डबोक निवासी लोकेश गवारिया
-विद्याधर नगर में शिवशक्ति कॉलोनी निवासी इन्द्रा वर्मा

दिन में रेकी, रात में पार्क में महिला मित्र को सौंपते थे माल

एडिशनल डीसीपी राजेश गुप्ता के मुताबिक आरोपी रात में पैदल घूमकर ताला लगे मकानों की रैकी करते थे। वारदात के बाद पार्क में महिला मित्र को बुलाकर माल सौंप देते और खुद पार्क या फुटपाथ पर सो जाते। यदि कोई टोकता तो मुख्य आरोपी नशेड़ी होने का नाटक कर जमीन पर लेट जाता था। मुख्य आरोपी के खिलाफ चोरी व नकबजनी के डेढ़ दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।

मैरिज गार्डन से चोरी करने वाला चोर और सुनार गिरफ्तार

इधर, शादी समारोहों में भीड़भाड़ और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर मैरिज गार्डनों के कमरों से चोरी करने वाले शातिर को पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी के गहने खरीदने वाले सुनार को भी दबोचा है। दोनों के कब्जे से चुराए गए लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विकास कुमार सैनी (26) मांग्यावास का निवासी है, जबकि चोरी का माल खरीदने वाला सुनार मुकेश सोनी (43) कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला है।

सांगानेर निवासी मानवेन्द्र सिंह राजावत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 जून को पत्रकार कॉलोनी स्थित किरण पैराडाइज मैरिज गार्डन में उनके साले की शादी थी। देर रात जब वे पत्नी के साथ खाना खाने गए, तभी चोर ने कमरे में घुसकर पर्स से सोने-चांदी के गहने और करीब 10 हजार रुपए रुपए नकद पार कर दिए।

सीसीटीवी से खुला राज, पहले भी जा चुका है जेल

पुलिस टीम ने मैरिज गार्डन के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी विकास सैनी को हिरासत में लिया। आरोपी ने पूछताछ में सुनार मुकेश सोनी का नाम उगला, जिसके बाद पुलिस ने सुनार को गिरफ्तार कर जेवर बरामद किए। जांच में सामने आया कि आरोपी विकास आदतन अपराधी है और पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है।