जयपुर

स्मार्ट सिटी के तहत जौहरी बाजार में ‘सूर्यवंशी’ लाइट का वजूद खतरे में

डिवाइडर बनाकर सूर्य लगी स्ट्रीट लाइट हटाने का कार्य शुरू
2 min read
• •
Updated: 11 May 2018, 11:08 AM IST
jaipur news

जयपुर . परकोटे में दिक्कतों की स्मार्ट सिटी किशनपोल बाजार के बाद अब जौहरी बाजार पहुंच गई है। परकोटे के प्रतिष्ठित जौहरी बाजार में स्मार्ट सिटी निर्माण कार्य के तहत डिवाइडर बनाकर वहां पहले से लगी सूरज के निशान वाली लाइटें हटाकर नई लाइटें लगाई जा रही हैं। अभी सैम्पल के तौर एक नई लाइट लगा दी गई है और कुछ के लिए फाउंडेशन तैयार किया जा रहा है। कार्य जारी रहा तो संभव है कि जयपुर की पहचान बनी ये हैरिटेज लाइटें दिखना ही बंद हो जाएंगी। स्मार्ट सिटी के तहत विवादित निर्माण में यह दूसरा बाजार है। किशनपोल बाजार में लोगों में पहले से ही रोष है। इधर, मेट्रो सिटी प्रोजेक्ट अधिकारियों का कहना है कि सीमेंटेड लाइटों को हटाकर नई लाइट लगाने का कार्य शुरू किया है। इन लाइटों पर भी अधिकारियों ने सूर्य का निशान लगाने का दावा किया है।

60 वें दशक में लगाईं थी

इतिहासकारों के अनुसार जयपुर के पूर्व राजघराने का ताल्लुक सूर्य वंश से रहा है। उसी को ध्यान में रखते हुए 60वें दशक के शुरुआती समय में ये स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं।

दिक्कत और बढ़ जाएगी

पहले से ही बड़ी चौपड़ पर मेट्रो ट्रेन का निर्माण कार्य चल रहा है। अब जौहरी बाजार में बेरिकेड्स लगाकर सडक़ को संकड़ा किया जा रहा है। सांगानेरी गेट में प्रवेश करते ही ये बेरीकेड्स रुकावट बन रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि बीते दो साल से वैसे ही बाजार अस्त-व्यस्त है। अब स्मार्ट सिटी का काम शुरू हो जाएगा तो दिक्क त और बढ़ जाएगी। बरसात से पहले यह प्रोजक्ट पूरा नहीं हो पाएगा और तब तो सभी को दिक्कत होगी।

इतिहासकार आनंद शर्मा ने बताया की सूर्य पूर्व जयपुर रियासत का राज्य चिन्ह रहा है। रियासत के राजा सूर्यवंशी कहलाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जौहरी बाजार में सूर्य के चिन्ह लगाए गए।

जयपुर फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष सियाशरण लश्करी ने कहा की तत्कालीन मुख्यमंत्री मोहन लाल सुखाडिय़ा ने ६०वें दशक के शुरुआती साल में जौहरी बाजार में डिवाइडर बनवाए थे। तब जयपुर के पूर्व राजघराने के लोग संतुष्ट नहीं थे। पूर्व राजघराने के लोग डिवाइडर को अशुभ मानते थे। उसी समय इन स्ट्रीट लाइटों को भी लगाया गया था।

Published on: