
जयपुर। साल भर मेहनत से पैसा कमाकर ईद की खुशियां परिवार के साथ मनाने जा रहे लोग अपनों से गले मिलने से पहले ही हादसे में जान गंवा बैठे। महज एक दिन पहले यूपी के मैनपुरी के पास हुए बस हादसे में मरने वालों में 12 जने सांगानेर के हैं। इनमें से सात लोग एक ही परिवार के थे, जबकि शेष आपस में रिश्तेदार थे। मौत का शिकार हुए सभी यात्री 18 से 25 वर्ष के थे। ये सभी श्रमिक परिवारजन के लिए सिवइयां, चूडिय़ों के साथ करीब 3.25 लाख रुपए लेकर घर के लिए रवाना हुए थे। गले मिलने से पहले ही बिछड़े, टूट गई चूडि़यां, लुट गई ईदी।
हादसे के बाद जब परिजन लाशें लेने पहुंचे तो इनके पास नकदी नहीं मिली। सभी सांगानेर के मालपुरा गेट पर मुन्नी अंसारी के मकान में किराए से रहते थे और ईद पर फर्रूखाबाद के पास छिबरामाउ गांव जा रहे थे। जहां मैनपुरी के पास चालक को नींद की झपकी आ गई और बस डिवाइडर पर चढकऱ पलट गई।
बुकिंग करने वाले भागे
मृत यात्रियों के परिजन सांगानेर सीटीएस बस स्टैंड स्थित निजी ट्रेवल्स के कार्यालय पहुंचे, लेकिन ट्रेवल्स संचालक भाग गया। हादसे के बाद संचालक ने कार्यालय से बोर्ड भी हटा दिया।
स्लीपर को बनाई सीट
संचालक स्लीपर सीट पर चार यात्रियों को बिठाकर चार गुना किराया वसूल रहे हैं। उत्तरप्रदेश के लिए 400 रुपए किराया है, वहीं यात्रियों से 600-700 रुपए लिया गया। सांगानेर से यूपी के कई शहरों और बिहार के लिए हर दिन 15 बसें रवाना होती है।
ठूंस रहे सवारियां
दुर्घटना के बावजूद गुरुवार को सांगानेर से रवाना होने वाली निजी बसें खचाखच चली। 32-46 सीटर बसों में 100 से अधिक यात्री बिठा लिए गए। यात्रियों को नीचे फर्श और केबिन में भी बिठा रखा था। किराया भी मनमाना वसूला।