https://www.patrika.com/rajasthan-news/
जयपुर। मुहाना थाना इलाके में एक युवती ने दो दरिंदों से बचने के लिए निर्वस्त्र अवस्था में ही चार मंजिल ऊपर से छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि नेपाल निवासी युवती अपने मुंहबोले भाई के बुलावे पर चार दिन पहले ही जयपुर आई थी। मुहाना मंडी गेट नंबर 3 के पास भरत अपार्टमेंट के फ्लैट में वह अकेली रह रही थी। शुक्रवार रात नशे में धुत दो युवक फ्लैट में पहुंचे।
युवती का आरोप है कि एक युवक ने उसका बलात्कार किया और दूसरा भी जबरदस्ती करने लगा तो उसने खुद को बालकनी में जाकर बंद कर लिया। बचने का कोई रास्ता नजर नहीं आया तो उसने चार मंजिल ऊपर से छलांग लगा दी। गिरने की आवाज से जागे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसे जयपुरिया अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बाहर से बंद करके जाता था फ्लैट
जानकारी के मुताबिक फ्लैट झोटवाड़ा निवासी जहूर मोहम्मद उर्फ जावेद ने किराए पर ले रखा था। इसी के बुलावे पर युवती दिल्ली से आई थी और उसे फ्लैट पर ठहराया था। जावेद फ्लैट को बाहर से बंद करके चला गया था। रात में जब युवती सो रही थी, तभी दो युवक आए थे।
सेक्स रैकेट की रही जांच!
पुलिस ने बताया कि जावेद का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है, उसकी वेश्यावृत्ति में लिप्तता की बात सामने आई है। युवती पहले भी जयपुर आ चुकी है। अन्य फ्लैट में रहने वाले लोगों ने बताया कि इस फ्लैट में कई बार अलग-अलग युवतियां आती रही हैं। जावेद भी किसी से कोई बातचीत नहीं करता था। वहीं फ्लैट में सफाई करने वाली महिला ने बताया कि उसने भी अलग-अलग लड़कियों को फ्लैट पर देखा है। जावेद सफाई के रुपए भी उसकी प्रेस की दुकान के बाहर से देकर चला जाता था।
छोडऩे की लगा रही थी गुहार
23 वर्षीया पीडि़ता ने बताया कि उसकी तबीयत ठीक नहीं थी, युवकों से बार-बार छोडऩे की गुहार लगा रही थी। लेकिन उन्होंने एक नहीं सुनी। उनके चंगुल से बचने के लिए बिना कपड़ों के ही भागना पड़ा। आरोपी जोर-जोर से बालकनी का गेट खटखटाने लगे तो कूदने के सिवाय कोई और चारा नजर नहीं आया। पुलिस ने बताया कि दोनों युवकों को यहां पर युवती के होने की जानकारी थी। जावेद से उनका कोई संपर्क नहीं हुआ था।