जयपुर

50 हजार पद खाली, फिर भी 1700 वरिष्ठ अध्यापक इंतजार में

Aug 08, 2026
Rajasthan

एक माह पहले मिले नियुक्ति पत्र, अब काउंसलिंग टली
ओरिएंटेशन फिर बढ़ा 12 अगस्त तक
स्लग..........प्रदेश में हजारों स्कूल शिक्षक संकट से जूझ रहे हैं। ऐसे समय में चयनित वरिष्ठ अध्यापकों का एक-एक दिन स्कूलों से दूर रहना सीधे विद्यार्थियों की पढ़ाई पर असर डाल रहा है। नियुक्ति और प्रशिक्षण के बीच बेहतर समन्वय बनाकर सरकार यदि शीघ्र पदस्थापन कराती है तो न केवल शिक्षकों का इंतजार खत्म होगा, बल्कि सरकारी स्कूलों की शिक्षण व्यवस्था को भी तत्काल राहत मिलेगी।



दौसा. राज्य के सरकारी स्कूलों में जहां वरिष्ठ अध्यापकों (सेकंड ग्रेड) के 50 हजार से अधिक पद रिक्त हैं, वहीं चयनित करीब 1700 वरिष्ठ अध्यापक नियुक्ति पत्र मिलने के एक माह बाद भी स्कूलों में कार्यभार ग्रहण नहीं कर सके हैं। राज्य लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की वरिष्ठ अध्यापक भर्ती-2024 में चयनित अभ्यर्थियों को 4 जुलाई को नियुक्ति पत्र जारी कर दिए गए थे और संभाग भी आवंटित हो चुके हैं, लेकिन अब तक काउंसलिंग नहीं होने से पदस्थापन अधर में लटका हुआ है।

शिक्षा विभाग ने पहली बार नव चयनित वरिष्ठ अध्यापकों के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डाइट) में ओरिएंटेशन प्रोग्राम शुरू किया है। पहले इसकी अवधि 15 जुलाई तक थी, जिसे बाद में 27 जुलाई, फिर 5 अगस्त और अब माध्यमिक शिक्षा निदेशक ललित कुमार के आदेश से 12 अगस्त तक बढ़ा दिया गया है। इससे साफ हो गया है कि अब 12 अगस्त से पहले काउंसलिंग और स्कूलों में पदस्थापन की संभावना नहीं है।

प्रदेशभर के सरकारी विद्यालय पहले से ही शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं। ऐसे में चयनित शिक्षकों के समय पर स्कूल नहीं पहुंचने से पढ़ाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि यदि नियुक्त शिक्षक समय पर विद्यालयों तक नहीं पहुंचेंगे तो विद्यार्थियों को पढ़ाई का लाभ भी नहीं मिल पाएगा।


राज्य एवं दौसा जिले में स्वकृत,कार्यरत एवं रिक्त पदों का विवरण,



राज्य में वरिष्ठ अध्यापकों के 1 लाख 10 हजार 453 स्वीकृत हैं, जिनमें 67 हजार 284 कार्यरत एवं 43 हजार 169 पद रिक्त है। इसी प्रकार दौसा जिले में वरिष्ठ अध्यापकों के 2 हजार 660 पद स्वीकृत हैं। जिनमें 1 हजार 849 कार्यरत एवं 811 पद रिक्त हैं।




इनका कहना है...

राज्यभर के डाइट संस्थानों में नवचयनित वरिष्ठ अध्यापकों के लिए पहली बार ओरिएंटेशन प्रोग्राम चलाया गया है। इसकी अवधि बढ़ाकर 12 अगस्त कर दी गई है। ओरिएंटेशन के नाम पर पदस्थापन में देरी हो रही है। शिक्षक संघ रेसटा की मांग है कि माध्यमिक शिक्षा निदेशालय जल्द काउंसलिंग का शेड्यूल जारी कर नव चयनित शिक्षकों की पदस्थापन प्रक्रिया शीघ्र पूरी करे।"



मोहरसिंह सलावद, प्रदेशाध्यक्ष, शिक्षक संघ रेसटा, राजस्थान

Updated on:
08 Aug 2026 06:00 am
Published on:
08 Aug 2026 06:00 am