जयपुर

Vasundhara Raje : मोदी सरकार की तारीफ के बीच विरोधियों पर निशाना, जानें भाषण की बड़ी बातें

Vasundhara Raje Jharkhand visit : भाजपा के केंद्रीय संगठन के निर्देश पर वसुंधरा राजे झारखंड पहुंची हुई हैं। वे वहां केंद्र की मोदी सरकार के 9 वर्ष के कार्यकाल के दौरान जनहित की नीतियों और उपलब्धियों का प्रचार कर रही हैं।

2 min read
Jun 15, 2023

जयपुर।

पूर्व सीएम वसुंधरा राजे आज अपने तीन दिवसीय झारखंड प्रवास के तीसरे और अंतिम दिन भी केंद्र सरकार की नीतियों और उपलब्धियों का जमकर प्रचार करेंगी। गिरिडीह में सुबह 11 बजे प्रेसवार्ता के साथ दिन की शुरुआत होगी, जिसके बाद वे डुमरी क्षेत्र में महाजनसंपर्क करेंगी। दोपहर बाद बगोदर स्टेडियम में एक जनसमूह को संबोधित करेंगी। शाम 5 बजे रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में भी नेताओं से मुलाक़ात करेंगी। आज ही देर शाम को वे विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।

गौरतलब है कि भाजपा के केंद्रीय संगठन के निर्देश पर वसुंधरा राजे झारखंड पहुंची हुई हैं। वे वहां केंद्र की मोदी सरकार के 9 वर्ष के कार्यकाल के दौरान जनहित की नीतियों और उपलब्धियों का प्रचार कर रही हैं। दरअसल पार्टी का 30 मई से शुरू हुआ महा जनसंपर्क अभियान 30 जून तक जारी है।

'मोदी है तो मुश्किल नहीं, कांग्रेस है तो मुमकिन नहीं'
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने प्रवास के दूसरे दिन भी केंद्र की उपलब्धियां गिनाईं।दुमका लोकसभा क्षेत्र के कैरावनी कस्बे में आयोजित महा जनसंपर्क अभियान की सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, 'मोदी सरकार के 9 वर्षों में हुए कामों को देखकर कह सकते हैं कि मोदी है तो मुश्किल नहीं और कांग्रेस है तो मुमकिन नहीं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश इस रफ्तार से आगे बढ़ रहा है कि अब दुनिया भी मानने लगी है कि यह 21वीं सदी भारत की है।'

सोरेन सरकार को जमकर घेरा
राजे के निशाने पर झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार भी रही। उन्होंने एक सभा में राज्य सरकार को घेरते हुए कहा, 'झारखंड में 3 लाख से अधिक सरकारी पद खाली हैं, इसके बावजूद युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। हां मुख्यमंत्री जी को जरूर रोजगार मिल गया है। उनके पास कई खदान हैं । दलालों ने भ्रष्ट अफसरों-कर्मचारियों से सांठगांठ कर सेना की जमीन तक बेच डाली, जिससे जनता वाकिफ है।'

'पहले आहत, अब खुश होता है मन'
राजे ने कहा कि आपको याद होगा कि पहले अखबारों में बम ब्लास्ट की हेडलाइन से मन आहत हो जाता था। अब शांति और समृद्धि की खबरों से मन खुश होता है। आज बड़े-बड़े देश प्रधानमंत्री की तरफ आशा भरी निगाहों से देख रहें हैं। युवाओं का विश्वास मजबूत हुआ है, क्योंकि प्रधानमंत्री की सोच है कि रोजगार मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनो।'

'मोदी लगाएंगे हैट्रिक, कोई नहीं रोक सकता'
राजे ने कहा, 'इन 9 वर्षों में प्रधानमंत्री की छवि ग्लोबल लीडर के रूप में मजबूत हुई है। उनकी दूरदृष्टी ऐसी है कि कोरोना के खतरे को पहले ही भांपते हुए उन्होंने लॉकडाउन लगा दिया था। भारत निर्मित वैक्सीन दुनिया में पहुंचाई। मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से आम लोगों को जोड़ा। अतः वे देश में एक ऐसे गेम चेंजर बन चुके हैं कि उनको 2024 में जीत की हैट्रिक लगाने से कोई नहीं रोक सकता।'

Published on:
15 Jun 2023 10:59 am
Also Read
View All