Vice President CP Radhakrishnan Jaipur Visit: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज राजस्थान दौरे पर है। उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन दिल्ली से वायुसेना के विशेष विमान से रवाना होकर सुबह 9 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंचे।
जयपुर। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज राजस्थान दौरे पर है। उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन दिल्ली से वायुसेना के विशेष विमान से रवाना होकर सुबह 9 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंचे। यहां डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने उपराष्ट्रपति की अगवानी की। इसके बाद उपराष्ट्रपति ने एक निजी अस्पताल के 23वें कैंसर सरवाइवर्स डे समारोह में शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने की। वहीं, विशिष्ट अतिथि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि केंद्र सरकार भी कैंसर के इलाज के लिए गंभीर है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसके इलाज के लिए ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। केंद्र सरकार ने डे-केयर सेंटर बढ़ाए हैं, 450 से ज्यादा सेंटर पहले से ही ऑपरेशनल स्टेज में हैं।
उन्होंने कहा कि एंटी कैंसर दवाओं को भी आयुष्मान आरोग्य में जोड़ा जा रहा है। इस साल फरवरी से सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण कार्यक्रम शुरू किया गया है। इस तरह के कदम बदलाव का आधार बनते हैं। उपराष्ट्रपति ने राजस्थान में हो रहे काम के लिए सीएम भजनलाल शर्मा की सराहना की। साथ ही चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर की भी तारीफ की।
जयपुर। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन राजस्थान विश्वविद्यालय के दीक्षांत केन्द्र में आयोजित विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। समारोह में वर्ष 2024 और 2025 की परीक्षाओं में सफल कुल 2,71,710 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। विशिष्ट अतिथि राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, सांसद राधा मोहनदास अग्रवाल और उप मुख्यमंत्री डॉ.प्रेमचंद बैरवा होंगे। दीक्षांत समारोह के बाद उपराष्ट्रपति वापस दिल्ली के लिए रवाना होंगे।