
जयपुर. हमारे देश के युवा बॉलीवुड और स्पोर्ट्स स्टार्स को काफी फॉलो करते हैं। फिल्मों या रीयल लाइफ में ये स्टार्स जिस तरह के आउटफिट्स कैरी करते हैं या फिर हेयर स्टाइल रखते हैं, उसे युवा तुरंत एक्सेप्ट कर लेते हैं और खुद भी उस तरह के आउटफिट पहनना और हेयर स्टाइल रखना शुरू कर देते हैं। इस साल की सुपरहिट फिल्मों 'राजी' और 'संजू' में अपने अभिनय से तारीफ बटोरने वाले अभिनेता विक्की कौशल इन दिनों फिल्म 'मनमर्जियां' को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म में वह न सिर्फ बिंदास लड़के का किरदार निभा रहे हैं, बल्कि उनकी हेयर स्टाइल भी इस फिल्म में कुछ हटकर है। यही वजह है कि उनकी इस हेयर स्टाइल का यूथ और टीनेजर्स में काफी क्रेज देखा जा रहा है।
पहली बार बालों को करवाया कलर
फिल्म में विक्की के किरदार का नाम विक्की ही है। यह किरदार उनकी शख्सियत से एकदम जुदा है। विक्की एक मनमौजी और शरारती किस्म का लड़का है। विक्की कौशल अपनी भूमिका में इस कदर घुस गए कि उन्होंने अपनी हेयर स्टाइल पर काफी काम किया है। उन्होंने पहली बार अपने बालों को कलर करवाया, वह भी कई रंगो में। हेयर स्टाइल में और एक खासियत है जो गौर से देखने पर पता चलती है, वह है बालों पर की गई कार्विंग। कई तरह के कट उनकी हेयर स्टाइल में नजर आ रहे हैं, साथ ही फूल भी बना हुआ है जो कि हेयर स्टाइल को और निखार रहा है। जब से फिल्म का ट्रेलर और गाने लॉन्च हुए हैं, तब से विक्की अपनी हेयर स्टाइल के कारण और चर्चा में आ गए हैं। उनका यह हेयर स्टाइल बेहद पसंद किया जा रहा है। खासकर युवा सैलून में 'मनमर्जियां' के विक्की जैसी हेयर स्टाइल की डिमांड कर रहे हैं। जयपुर के युवाओं और किशोरों में भी इस हेयर स्टाइल को लेकर अच्छी खासी दीवानगी देखी जा सकती है।आपको बता दें, अनुराग कश्यप निर्देशित इस रोमांटिक-कॉमेडी ड्रामा में विक्की के अलावा अभिषेक बच्चन और तापसी पन्नू लीड रोल में हैं। यह फिल्म 14 सितंबर को रिलीज होगी।