जयपुर

राजस्थान में विद्या संबल योजना पर सरकार का यू-टर्न, शिक्षकों की नियुक्तियों पर अब आई ये लेटेस्ट अपडेट

Rajasthan News : प्रदेश के सोसायटी कॉलेजों में सरकार फिर से विद्या संबल योजना के तहत अस्थायी शिक्षकों को नियुक्त करेगी। इसके लिए कॉलेजों में पुन: आवेदन मांगे गए हैं।
2 min read
• •
Updated: 7 Mar 2024, 9:05 AM IST
temporary_appointments.jpg

Jaipur News : प्रदेश के सोसायटी कॉलेजों में सरकार फिर से विद्या संबल योजना के तहत अस्थायी शिक्षकों को नियुक्त करेगी। इसके लिए कॉलेजों में पुन: आवेदन मांगे गए हैं। कॉलेज आयुक्तालय की ओर से प्रदेश के सभी सोसायटी कॉलेजों के प्रिंसिपल के लिए आदेश जारी किए गए हैं। आदेश के तहत सेकंड सेमेस्टर परीक्षा शुरू होने या फिर पाठ्यक्रम पूर्ण होने तक अस्थायी शिक्षकों की निय़ुक्ति की जाएगी। विद्या संबल योजना के तहत सभी प्रिंसिपल सत्र 2023-24 के निर्देशों की पालना करेंगे।

योजना के तहत पैनल तैयार कर गेस्ट फैकल्टी लेने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। कॉलेजों में 13 मार्च से सेकंड सेमेस्टर की पढ़ाई शुरू की जाएगी। विद्या संबल योजना के तहत प्रदेश के 300 सोसायटी कॉलेजों में लगे करीब एक हजार अस्थायी शिक्षकों को हटा दिया गया था। इनकी सेवाएं फरवरी तक ही ली गई थीं। अस्थायी शिक्षक हटने के बाद 300 कॉलेजों में पढ़ाई पर संकट खड़ा हो गया था।


कॉलेज आयुक्तालय की ओर से जारी आदेश का विद्या संबल योजना के शिक्षकाें ने विरोध किया है। शिक्षकों का तर्क है कि आयुक्तालय की ओर से सेकंड सेमेस्टर की पढ़ाई करने के लिए तीन महीने का समय दिया है। ऐसे में अस्थायी शिक्षकाें को योजना के तहत तीन महीने के लिए पुन: आवेदन करना होगा। शिक्षकों का तर्क है कि अगले सत्र के लिए फिर आवेदन मांगे जाएंगे। उनका कहना है कि विभाग एक बार ही आवेदन लेकर शिक्षकों को नए सत्र के लिए नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी करे।


राजस्थान पत्रिका में 6 मार्च को 300 कॉलेज से हटाए अस्थायी शिक्षक, लटके ताले, कैसे पूरी होगी पढ़ाई शीर्षक से खबर प्रकाशित की गई थी। इसमें प्रदेशभर में पढ़ाई ठप होने पर छात्रों की परेशानी को उजागर किया गया था। इस पर उच्च शिक्षा विभाग ने बुधवार को ही सेकंड सेमेस्टर की पढ़ाई पूरी कराने के लिए विद्या संबल योजना के तहत शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने के आदेश जारी कर दिए।

Published on: