
जयपुर. एक दिन पहले राजधानी सहित प्रदेश के कई इलाकों में बारिश व ओले गिरने के बावजूद मंगलवार को राजधानी सहित प्रदेश के कई इलाकों में गर्मी के तेवर कम नहीं हुए।
राजधानी में सोमवार की तुलना में तापमान 1.1 डिग्री की गिरावट के साथ 43.1 डिग्री रहा। वहीं रात का न्यूनतम परा 27.1 डिग्री रहा। हालांकि दिन भर की भारी तपन के बाद शाम ढलते ही करीब 7.30 बजे शहर के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। साथ ही कई इलाकों में रूक-रूक कर बारिश होती रही। इससे सडकों पर पानी भर गया और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। बारिश के बाद शहर का तापमान रात में करीब आठ डिग्री की गिरावट के साथ 35 डिग्री के आस पास पहुंच गया। पिछले दिनों लगातार लुढ़कते पारे ने फिर पलटवार किया। लोग घरों में ही पसीना-पसीना होने लगे। दिन चढ़ने तक तो सूरज के तेवर पूरे शबाब पर थे लेकिन शाम होते होते मौसम ने करवट ली। बूंदा-बांदी का दौर शुरू होने के बाद ठंडी हवाओं के झोके चलने लगे। फिजाओं में घुली ठंडक से गर्मी कुछ देर के लिए रफूचक्कर हो गई। बूंदों के स्पर्श के बाद उठती मिट्टी की सौंधी महक दिल को सुकून दे रही थी। हालाकि बूंदा की चहलकदमी रूकने के बाद फिर उमस ने आ घेरा लेकिन हवा से भी लोगों को बराबर राहत मिलती रही। पूरे दिन धूप खिली रही लेकिन शाम को सूरज ढलने के साथ ही मौसम ने एकाएक करवट बदली और इसी के साथ ठंड बढ़ गई। जिस के बाद लोगों को थोड़ी राहत मिली।
प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बूंदी में 47 डिग्री रहा। सभी प्रमुख शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को राजधानी में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने के साथ बारिश का अनुमान है। वहीं अधिकतम तापमान 43 और न्यूनतम 27 डिग्री रह सकता है।
प्रमुख शहरों का तापमान
अजमेर 43.4
पिलानी 41.2
कोटा 45.6
डबोक उदयपुर 42.3
बाड़मेर 45.4
जैसलमेर 46.5
जोधपुर 43.1
बीकानेर 46.2
चूरू 46.4
श्रीगंगानगर 45