जयपुर

Weather Update 2 April: राजस्थान में एक सप्ताह तक हीटवेव ” छुमंतर”, मौसम विभाग ने जारी किया पूर्वानुमान

Western Disturbance: मौसम: आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, अगले सप्ताह तक राहत भरा रहेगा तापमान। राजस्थान में मौसम का यू-टर्न: आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी।
2 min read
Apr 02, 2026
Feature image
representative picture (patrika)

IMD Alert: जयपुर. राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेश के कई जिलों में आज दोपहर बाद से आंधी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य के पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

आज यानी दो अप्रेल को जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर, फलोदी, बीकानेर, गंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है। इन क्षेत्रों में तेज आंधी के साथ बारिश दर्ज होने के आसार हैं। वहीं उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

मौसम विभाग का कहना है कि 3 और 4 अप्रैल को इस पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव सबसे अधिक रहेगा। इस दौरान जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही मेघगर्जन और बारिश के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी आशंका है। ऐसे में किसानों और आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

विशेषज्ञों के अनुसार 7 और 8 अप्रैल को एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे प्रदेश में फिर से मौसम बदलने की संभावना है। हालांकि राहत की बात यह है कि अगले एक सप्ताह तक राज्य में हीटवेव (लू) चलने की कोई संभावना नहीं है, जिससे तापमान सामान्य से नीचे बना रह सकता है।

कृषि विशेषज्ञों ने किसानों के लिए विशेष सलाह जारी करते हुए कहा है कि खुले में रखी हुई फसल, अनाज और कृषि उत्पादों को सुरक्षित स्थान पर रखें या उन्हें ढककर रखें, ताकि बारिश और ओलावृष्टि से नुकसान से बचाया जा सके। मंडियों में भी खुले में रखे अनाज को सुरक्षित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम के इस बदलाव से जहां एक ओर गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं तेज हवाओं और ओलावृष्टि से नुकसान की आशंका भी बनी हुई है। प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Updated on:
02 Apr 2026 01:05 pm
Published on:
02 Apr 2026 12:59 pm