
Weather Update 30 March : राजस्थान में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने के बाद मौसम विभाग ने आज 30 मार्च को राजस्थान के 12 जिलों में तीन घंटे के अंदर बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग की सुबह करीब 10.50 बजे जारी नई भविष्यवाणी के अनुसार श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जयपुर, जोधपुर, भीलवाड़ा, झुंझुनू, सीकर, नागौर, बीकानेर, पाली, अजमेर, चूरू जिलों और आस-पास के क्षेत्र में कहीं-कहीं पर मेघगर्जन के साथ बूंदाबांदी हल्की बारिश होने की संभावना है।
इसके साथ ही 20-30 KMPH की गति से कहीं-कहीं पर तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। इस सिस्टम का असर 31 मार्च को भी जारी रहेगा। 1 अप्रैल को सिस्टम का असर खत्म होगा और प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा।
जयपुर में सुबह से तेज हवाओं का दौर जारी रहा। मौसम विभाग ने अभी अभी जयपुर के मौसम के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार को जयपुर में सुबह 11.30 बजे तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जयपुर का आज का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई। रविवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग ने आम जनता को सलाह दी है कि इन इलाकों में अचानक मौसम बदलने और तेज आंधी के कारण जनजीवन प्रभावित हो सकता है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। खासतौर पर किसानों को फसल और खुले में रखे सामान की सुरक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार रविवार को इस सिस्टम का असर अपेक्षाकृत कमजोर देखने को मिला। बीकानेर संभाग में पूरे दिन मौसम शुष्क बना रहा और तेज धूप निकली। वहीं जालोर, सिरोही और पाली जिलों में हल्के बादल छाए रहे।
जयपुर, भरतपुर, कोटा और अजमेर संभाग में आसमान पूरी तरह साफ रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार वातावरण में नमी की कमी के कारण सिस्टम पूरी तरह सक्रिय नहीं हो पाया, जिससे बारिश नहीं हुई।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में प्रदेश में तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। रविवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान कोटा में 39.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा चूरू में 37.6, पिलानी और अलवर में 37.2, बाड़मेर में 37, सीकर में 36, जैसलमेर में 35.8, जोधपुर में 35.3, श्रीगंगानगर में 34.5 और बीकानेर में 34.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। बढ़ती गर्मी के बीच अब बारिश और आंधी से लोगों को अस्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।