29 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

RGHS Update : राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम का दायरा बढ़ा, जानें नया क्या है अपडेट?

RGHS Update : राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (RGHS) का दायरा काफी विस्तृत किया गया है। योजना के तहत पिछले 2 वर्ष में 7200 करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान अस्पताल एवं फार्मेसी को किया गया है।

3 min read
Google source verification
Rajasthan Government Health Scheme scope has been expanded Know what new in update

चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर। फाइल फोटो पत्रिका

RGHS Update : मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की पहल पर राज्य सरकार ने राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (RGHS) को न केवल अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाया है, बल्कि इसके दायरे को काफी विस्तृत किया और भुगतान भी पहले से अधिक किया है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में योजना का दायरा बढ़ाने, भुगतान प्रक्रिया को नियमित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता को सुदृढ़ करने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। योजना के तहत बीते 2 वर्ष में 7200 करोड़ रूपए से अधिक का भुगतान अस्पताल एवं फार्मेसी को किया गया है।

RGHS : योजना का दायरा हुआ व्यापक

चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने बताया कि आरजीएचएस योजना का ज्यादा से ज्यादा लाभ पात्र लोगों को मिल सके। इसके लिए इसके दायरे में काफी वृद्धि की गई है। पूर्ववर्ती सरकार के समय योजना में लाभार्थियों की संख्या 12 लाख 35 हजार थी, जो अब बढ़कर 13 लाख 61 हजार हो गई है। इसी प्रकार उपचार पैकेजों की संख्या 2,129 से बढ़कर 3,367 हो गई है, जिससे अधिक बीमारियों का कवरेज संभव हुआ है।

RGHS : अस्पतालों का नेटवर्क बढ़ाया

चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने बताया कि रोगियों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उनके नजदीक के अस्पतालों में मिल सके और अच्छे अस्पताल योजना में शामिल हों। इसके लिए अस्पतालों का नेटवर्क लगातार बढ़ाया जा रहा है। पूर्ववर्ती सरकार के समय इस योजना में करीब 1500 अस्पताल संबद्ध थे, जिनकी संख्या बढ़कर अब 1,729 हो गई है। इसी प्रकार फार्मेसियों की संख्या 4,266 से बढ़कर 4,875 हो गई है, जिससे दवाओं की उपलब्धता अधिक सुलभ हुई है।

RGHS : भुगतान प्रणाली में पारदर्शिता और तेजी

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि राज्य सरकार ने भुगतान व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए अस्पतालों और फार्मेसियों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अब तक कुल 7225 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया। इसमें अस्पतालों को 4006 करोड़ और फार्मेसियों को 3219 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है, जबकि दिसम्बर 2023 से पहले योजना के तहत 4,522 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया था। यह स्पष्ट करता है कि भुगतान में तेज वृद्धि और वित्तीय प्रवाह में मजबूती आई है।

RGHS : वर्षवार भुगतान में निरंतर वृद्धि

गायत्री राठौड़ ने बताया कि वर्षवार योजना के तहत भुगतान में तेजी से वृद्धि हुई है। वित्त वर्ष 2021-22 में 364 करोड़ रुपए का भुगतान हुआ, जो 2024-25 में बढ़कर 3,471 करोड़ रुपए तक पहुंच गया। वित्त वर्ष 2025-26 में भी करीब 3 हजार करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है, जो भुगतान की नियमितता और निरंतरता को दर्शाता है।

वर्तमान में हो रहा योजना का सुचारू संचालन

राजस्थान स्टेट हेल्थ एश्योरेंस एजेंसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हरजीलाल अटल ने बताया कि योजना में 7200 करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान होने से प्रदेश के निजी अस्पतालों एवं फार्मेसी स्टोर को बड़ा आर्थिक संबल मिला है और यहां स्वास्थ्य के क्षेत्र में निवेश लगातार प्रोत्साहित हुआ है। छोटे शहरों में भी अब नामी अस्पतालों का नेटवर्क पहुंचने लगा है। इससे निचले स्तर तक स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत हो रही हैं।

हरजीलाल अटल ने बताया कि ज्यादातर अस्पताल योजना के प्रबंधन से संतुष्ट हैं। इसी का नतीजा है कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में इस योजना का लाभ मिल रहा है। विगत तीन दिन 25 से 27 मार्च 2026 के बीच ही करीब 1 लाख 34 हजार टीआईडी इस योजना में जनरेट हुई हैं। इससे 84 हजार से अधिक पेंशनर्स और करीब 50 हजार अन्य लाभार्थी लाभान्वित हुए हैं। ओपीडी में करीब 62 हजार लोगों ने सेवाएं प्राप्त की हैं और करीब 67 हजार लोगों ने फार्मेसी से कैशलेस दवाएं प्राप्त की हैं। साथ ही, आईपीडी एवं डे केयर में भी हजारों लाभार्थियों को उपचार मिला है।