
weather update : जयपुर। पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान का मौसम बिगड़ा हुआ है। प्रदेश में मंगलवार को भी आंधी और बारिश का दौर जारी है। कई जिलों में अंधड़ और तेज बारिश हुई। बांसवाड़ा के उपखंड गढ़ी के डडूका ग्राम पंचायत क्षेत्र में मंहगाई राहत कैंप व प्रशासन गांवों के संग अभियान शिविर में अचानक तेज हवा बवंडर से शिविर में लगा टेंट का पूरा पंडाल गिर गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण व अधिकारी व कार्मिक नीचे दब गए। ग्रामीणों ने पांडाल के नीचे दबे अधिकारियों व कार्मिकों महिलाओं और लोगों को बाहर निकाला। वहीं पिछले 24 घंटों में सर्वाधिक बारिश जैसलमेर में 70 एमएम रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर संभाग में तेज आंधी बारिश दर्ज की गई है।
यहां बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोम एक परिसंचरण तंत्र के रूप में उत्तरी पाकिस्तान व आसपास के क्षेत्रों के ऊपर बना हुआ है। तथा राज्य के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र भी मौजूद है। इससे असर से मंगलवार को जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर, बीकानेर संभाग के जिलों में अंधड़ और तेज बारिश होगी। जयपुर, भरतपुर संभाग के जिलों में भी मध्यम दर्जे का मेघगर्जन, हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। विभाग के अनुसार जून के पहले सप्ताह में भी राज्य के उत्तरी व पूर्वी भागों में कुछ स्थानों पर आंधी बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
बांसवाड़ा में अंधड़ के साथ मूसलाधार बारिश
बांसवाड़ा. बांसवाड़ा जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार दोपहर आए अंधड़ के बाद मूसलाधार बारिश हुई। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ। उपखंड गढ़ी के डडूका ग्राम पंचायत क्षेत्र में मंहगाई राहत कैंप व प्रशासन गांवों के संग अभियान शिविर में अचानक तेज हवा बवंडर से शिविर में लगा टेंट का पूरा पंडाल गिर गया ।बड़ी संख्या में ग्रामीण व अधिकारी व कार्मिक नीचे दब गए। पांडाल गिरते ही शिविर में अफरा तफरी मच गई । अन्य ग्रामीणों ने पांडाल के नीचे दबे अधिकारियों व कार्मिकों महिलाओं और लोगों को बाहर निकाला। मौके पर गढ़ी तहसीलदार केसरसिंह चौहान,गढ़ी बीडीओ ताबियार, सरपंच रेखा महंगाई ,की विभागों के कार्मिकों को बाहर निकाला गया। वही कुछ लोगों को हल्की चोटे भी आई।
टिनशेड गिरने से एक की मौत
बीती रात को आए तेज आंधी-अंधड़ व बारिश ने सिरोही शहर सहित जिलेभर में चहुंओर भारी तबाही मचाई। तेज अंधड़ से जिलेभर में बिजली के दर्जनों पोल व पेड़ धराशायी हो गई, बिजली लाइनों पर पेड़ टूटकर गिरने से लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई, मकानों व दुकानों के आगे लगे टिनशेड उड़ गए और कई मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। जिले के मंडार क्षेत्र के रोहुआ पंचायत मुख्यालय पर तेज अंधड़ से मकान पर लगा टिनशेड उडकर ऊपर गिरने से एक 55 वर्षीय व्यक्ति आसुराम पुत्र समरथाराम भील की मौत हो गई, जबकि आबूरोड के उपलाखेजड़ा गांव के चारणाफली में पेड़ टूटकर गिरने से नीचे दबने से महिला घायल हो गई।
इन जिलों में हुई झमाझम बारिश
पाली जिले में मंगलवार तड़के भारी तूफान ने फिर से तबाही मचाई। तड़के 5 बजे आए भारी तूफान के चलते दर्जनों जंगी पेड़ धराशायी हो गए और गांवों में बिजली के पोलों को काफी नुकसान पहुंचा है। जोधपुर, बारां, कोटा, बूंदी, भीलवाड़ा, धौलपुर, अजमेर और नागौर सहित कई जगहों पर बारिश हुई। वहीं राजधानी जयपुर में आसमान में बादल छाए हुए हैं।
कल इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को जोधपुर, जैसलमेर और बीकानेर में ऑरेंज अलर्ट तथा अजमेर, अलवर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, दौसा, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, कोटा, राजसंमद, सवाईमाधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक, उदयपुर, बाड़मेर, चूरू, हनुमानगढ़, जालोर, नागौर, पाली, श्रीगंगानगर में यलो अलर्ट जारी किया है।