
जयपुर। विधानसभा चुनाव के तहत गुरुवार को नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही भाजपा और कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों का तूफानी प्रचार शुरू हो जाएगा। इसके लिए प्रदेश के प्रमुख दलों ने विमान व हैलीकॉप्टर कम्पनियों से चार्टर प्लेन व हैलीकॉप्टर मंगा लिए हैं।
सूत्रों के मुताबिक दोनों दलों ने 7 हैलीकॉप्टर और 3 चार्टर प्लेन मंगाए हैं। इनका उपयोग दोनों दल प्रदेश में स्टार प्रचारकों और प्रदेश के बड़े नेताओं की सभाओं के दौरान करेंगे। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस ने 2 हैलीकॉप्टर और 2 चार्टर प्लेन बुक किए हैं। साथ ही 2 हैलीकॉप्टर जरूरत के मुताबिक तत्काल उपलब्ध कराने के लिए कम्पनियों को कहा है। भाजपा ने 3 हैलीकॉप्टर और एक चार्टर प्लेन बुक किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुरुवार को जोधपुर जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में हैलीकॉप्टर से दौरा कर चुनावी सभाओं को सम्बोधित करेंगे। इसी प्रकार प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट शुक्रवार को श्रीगंगानगर हनुमानगढ़ और टोंक जिले के चुनावी दौरे पर रहेंगे। वहां कई विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी सभाएं लेंगे। कई भाजपा नेता भी हैलीकॉप्टर से चुनावी दौरे करंगे।