
जयपुर। मौसम का मिजात तेजी से बदल रहा है। प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर शुरु हो गया है। उत्तरी राजस्थान में हालात बाकि राज्य की तुलना में बेहद खराब होते जा रहे हैं। जयपुर समेत अन्य जिलों में भी पारा तेजी से गिर रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के कुछ जिलों में आने वाले अड़तालीस घंटों में पाला पड़ सकता है और फसलों को नुकसान पहुंचा सकता है। इसे देखते हुए किसानों ने भी फसलों की सार संभाल करना शुरु कर दिया है। प्रदेश भर में वर्तमान में रबी की फसलों की खेती जारी है।
उत्तरी राजस्थान में चार से पांच डिग्री के बीच पारा -
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तरी राजस्थान में पारा चार से पांच डिग्री के बीच है। उत्तरी राजस्थान के चूरू, सीकर, गंगानगर, अलवर, भरतपु, धौलपुर, समेत अन्य कुछ जिले पाले की चपेट में आ सकते हैं। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार और रविवार तक अगर इन जिलों में पारा लगातार लुढ़कता है तो इन जिलों में पाला पड़ सकता है। बताया जा रहा है कि प्रदेश में पिछले साल भी दिसम्बर के समय कुछ जिलों में पाला पड़ा था और फसलें बर्बाद हुई थी।
रबी की फसलों की हो रही है खेती -
उत्तरी राजस्थन समेत समूचे राजस्थान में वर्तमान में रबी की फसलें बोई गई हैं। खेतों में गेंहू, चौ, चना, मटर, टमाटर, सरसों समेत आधा दर्जन से भी ज्यादा फलसें बोई गई हैं। पाले की चेतावनी को देखते हुए किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों ने अपने खेतों में पानी देना शुरु कर दिया है। साथ ही फसलों के आसपास अलाव भी जलाया जा रहा है।
लगातार गिर रहा तापमान, अलाव का सहारा लेने लगे हैं लोग -
उत्तरी राजस्थान को छोड़ प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी लगातार पारा गिर रहा है। जयपुर में आज सवेरे छह बजे तापमान दस डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि जयपुर का तापमान कल के तापमान से आधा डिग्री कम दर्ज किया गया। पारा लगातार लुढ़कने के चलते उत्तरी राजस्थान के जिलों समेत अन्य जिलों में भी लोग सवेरे और शाम अलाव का सहारा लेते दिखाई दिए।