Social Media Viral Video: सोशल मीडिया पर शोहरत पाने का जूनून एक युवक के सिर पर इस तरह चढ़ा कि वह कार पर चढ़कर नोट उड़ाने लगा।
जयपुर। Social Media Viral Video: सोशल मीडिया पर शोहरत पाने का जूनून एक युवक के सिर पर इस तरह चढ़ा कि वह कार पर चढ़कर नोट उड़ाने लगा। जमीन में गिर रहे नोटों को लूटने के लिए भीड़ लग गई। कार पर चढ़कर नोट उड़ा रहे युवक ने चेहरे पर मास्क लगा रखा था। नोट लूटने के लिए लोगों की भारी भीड़ इकट्ठी हो गई और आस-पास का ट्रैफिक जाम हो गया। लोग नोट लूटने वाले युवक को देख रहे थे और नीचे गिरे हुए नोटों को जेब में रख रहे थे। इस दौरान जेएलएन मार्ग पर जवाहर सर्कल की ओर जाने वाले ट्रैफिक जाम हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक जा चुका है। पुलिस ने कार नम्बरों के आधार पर जांच करने के बाद सेक्टर-17 प्रताप नगर निवासी अजय शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। आपको बता दें कि लड़के ने वेब सीरीज 'Money Heist' स्टाइल में गेटअप किया था।
थानाप्रभारी अरविन्द चारण ने बताया कि घटना रविवार को गौरव टावर के पास की है। सूचना मिली थी कि एक युवक कार पर चढ़कर नोट लूटा रहा है। इस पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा लेकिन तब तक वह जा चुका था। इसके बाद वहां मौजूद युवकों से वीडियो लेकर कार नम्बर की जांच की गई। कार के नंबरों के आधार पर पुलिस अजय शर्मा तक पहुंची। पूछताछ में अजय ने बताया कि वह शोहरत पाने के लिए रील बना रहा था, ताकि सोशल मीडिया पर वह फेमस हो सके। पूछताछ में उसने बताया कि उसने यह हरकत केवल फन के लिए की थी। युवक के पिता को भी थाने बुलाकर पूछताछ की गई। पुलिस ने उसकी कार को भी जब्त कर लिया।
नोट नकली या असली पता लगा रही पुलिस
पुलिस पूछताछ में अजय ने बताया कि वह सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए रील बना रहा था। इसके लिए वह नकली नोट खरीदकर लेकर आया और उन्हें उ़ड़ा रहा था। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि नोट असली थे या नकली। आरोपी अजय ने पुलिस को बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करता है और उसे करीब पन्द्रह हजार रुपए मिलते है जिससे वह गुजारा चलाता है। खुद को प्रसिद्धी दिलाने के लिए उसे यह आइडिया आया और उसने गाडी पर खड़े होकर नोट उड़ाने शुरु कर दिए।