जयपुर

आपकी बात… देश की रक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए क्या कदम उठाने चाहिए?

पाठकों की मिलीजुली प्रतिक्रिया आईं, पेश हैं चुनिंदा प्रतिक्रियाएं।

3 min read
Dec 29, 2024
स्वदेशी रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 'मेक इन इंडिया' अभियान को और विस्तारित करना चाहिए। यह न केवल हमारी सैन्य शक्ति को बढ़ाएगा, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के सपने को भी साकार करेगा।

रक्षा प्रणाली का सुदृढ़ करना आवश्यक

देश की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा के लिए रक्षा प्रणाली का मजबूत होना बेहद जरूरी है। रक्षा नीति में नवीनतम तकनीकों और संसाधनों का उपयोग करना चाहिए ताकि निकट भविष्य में हिंसक और अवांछित घटनाओं से बचा जा सके। नागरिकों को यह समझना होगा कि सुरक्षा केवल सरकार या सेना की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपने दायित्व निभाने होंगे। सामूहिक प्रयास ही सुरक्षा को सुदृढ़ बना सकते हैं।
-महेश आचार्य, नागौर

रक्षा व्यवस्था आधुनिकता से लैस हो

देश की रक्षा को लेकर हमें हर समय सतर्क रहना चाहिए। सैनिकों को उनकी सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर मिलनी चाहिए। हथियार और उपकरण आधुनिक होने चाहिए, ताकि दुश्मनों से बेहतर तरीके से निपटा जा सके। विपक्षी पार्टियों को सेना पर अनावश्यक टिप्पणी करने के बजाय रचनात्मक आलोचना करनी चाहिए। रक्षा बजट को हर वर्ष बढ़ाना चाहिए ताकि सेना को अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान की जा सकें। साथ ही, पड़ोसी देशों की गतिविधियों पर सतर्क नजर रखनी चाहिए।
-कैलाश चंद्र, चूरू

सशस्त्र बल को मजबूत करें

हमारे सशस्त्र बल देश की रक्षा के प्रमुख स्तंभ हैं। लेकिन यह तभी संभव है जब उन्हें उन्नत हथियार, प्रशिक्षण और सुविधाएं मिलें। बिना संसाधनों के बाहरी आक्रमणों से निपटना असंभव होगा। हर नागरिक को यह समझना होगा कि एक मजबूत सेना ही हमारे देश की सीमा सुरक्षित रख सकती है।
-प्रियव्रत चारण 'लव', जोधपुर

आधुनिक रक्षा तकनीक अपनाना अनिवार्य

भारत को उन्नत हथियार, ड्रोन, मिसाइल सिस्टम और साइबर सुरक्षा तकनीकों का विकास और आयात करना चाहिए। रक्षा अनुसंधान और विकास को प्राथमिकता देते हुए इसे सशक्त बनाया जाए। स्वदेशी रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 'मेक इन इंडिया' अभियान को और विस्तारित करना चाहिए। यह न केवल हमारी सैन्य शक्ति को बढ़ाएगा, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के सपने को भी साकार करेगा।
-अनोप भाम्बु, जोधपुर

रक्षा उत्पादों का स्वदेशीकरण करें

रक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए देश में निर्मित उत्पादों का उपयोग बढ़ाना चाहिए। हर सैन्य सामग्री का निर्माण देश में किया जाए ताकि आत्मनिर्भरता बढ़े और आयात पर निर्भरता घटे। इसके अलावा, स्थानीय उद्योगों को भी रक्षा उत्पाद निर्माण में शामिल किया जाना चाहिए। इससे न केवल आर्थिक प्रगति होगी, बल्कि सुरक्षा तंत्र में भी सुधार होगा।
-ओमप्रकाश, उदयपुरा

लोक और तंत्र का सहयोग आवश्यक

देश की रक्षा केवल सेना और पुलिस का दायित्व नहीं है। हर नागरिक को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना प्रशासन को देनी चाहिए। इस सहयोग से न केवल आतंरिक सुरक्षा मजबूत होगी, बल्कि अपराधों को रोकने में भी मदद मिलेगी। प्रशासन और जनता के बीच बेहतर संवाद सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बना सकता है।
-दीपक, हनुमानगढ़

रक्षा सैनिकों की नियुक्ति बढ़ाएं

देश की रक्षा को और अधिक सशक्त बनाने के लिए सभी प्रकार की सेनाओं-जल, थल और वायु में नई भर्तियां की जानी चाहिए। इससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और देश की सीमाएं सुरक्षित रहेंगी। महिला सैनिकों की संख्या बढ़ाना भी आज की आवश्यकता है। इसके साथ ही, साइबर सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उसे मजबूत करना चाहिए, ताकि डिजिटल युग में होने वाले खतरों से बचा जा सके।
-मुकेश सोनी, जयपुर

नेताओं के लिए सैन्य प्रशिक्षण अनिवार्य हो

रक्षा सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों को एनसीसी का तीन साल का प्रशिक्षण और सेना में तीन साल की सेवा अनिवार्य करनी चाहिए। इससे वे रक्षा नीति में बेहतर निर्णय ले सकेंगे। इससे न केवल नेतृत्व कौशल विकसित होगा, बल्कि सेना और राजनीतिक तंत्र के बीच बेहतर तालमेल भी स्थापित होगा।
-ले. कर्नल आर. सी. शर्मा (से.नि.), जयपुर

स्वदेशी उत्पादन से रक्षा व्यवस्था मजबूत करें

भारत को स्थानीय उत्पादन पर जोर देना चाहिए। आधुनिक स्वदेशी हथियार, ड्रोन, टैंक और उपकरण विकसित करने से सैन्य आयात कम होगा, विदेशी निर्भरता घटेगी और सुरक्षा से जुड़े डेटा सुरक्षित रहेंगे। स्वदेशी उत्पादों का रखरखाव भी आसान होगा, जिससे रक्षा बजट का बेहतर उपयोग संभव हो पाएगा।
-गजेंद्र चौहान, डीग

Published on:
29 Dec 2024 02:45 pm
Also Read
View All
राजस्थान बाल अधिकार संरक्षण आयोग में नियुक्तियों का मामला: पहले के 200 आवेदनों पर अब तक फैसला नहीं, तीसरी बार आवेदन प्रक्रिया शुरू

पत्रिका प्री-बजट संवाद में वक्ता बोले… ‘मेट्रो विस्तार, नो-पार्किंग जोन, पब्लिक ट्रांसपोर्ट मजबूत करने और आधारभूत सुविधाओं की जरुरत’

सेना के जवानों के बच्चों को पढ़ाई में बड़ी राहत, शहीदों के परिवारों को पूरी फीस से छूट, नई पहल से मिलेगा सहारा

Rajasthan State Highway: राजस्थान के इस स्टेट हाईवे की बदल जाएगी सूरत, 30 करोड़ होंगे खर्च, जयपुर को बड़ा फायदा

पार्किंग पर पर्ची पॉलिसीः दर-दर अलग दर…हर जगह एक ही ठसका-यहां तो यही रेट लगेगी

अगली खबर