जैसलमेर

100 पुलिसकर्मियों की टीम ने 48 घंटों की अवधि में सुलझाई हत्या की गुत्थी

जैसलमेर जिले के झिनझिनयाली थाना क्षेत्र में गत दिनों महिला की ट्यूबवैल पर बने घर में घुस कर हत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 48 घंटों की अवधि में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

2 min read
Apr 25, 2026

जैसलमेर जिले के झिनझिनयाली थाना क्षेत्र में गत दिनों महिला की ट्यूबवैल पर बने घर में घुस कर हत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 48 घंटों की अवधि में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला के घर के पीछे वाले हिस्से में रहने वाला पड़ोसी निकला।

गौरतलब है कि गत 22 तारीख को अमराराम ने झिनझिनयाली पुलिस को जानकारी दी थी कि वह परिवार में शादी में शरीक होने के लिए कानोड गांव गया हुआ था, पीछे किसी ने सरहद जोगीदास का गांव में स्थित ढाणी में उसकी पत्नी हथूदेवी की हत्या कर दी है। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने मौके पर एफएसएल जांच करवाई और डॉग स्क्वॉयड को भी बुलाया। हत्या जैसे संगीन अपराध के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार हत्या की इस गुत्थी को सुलझाने में 5 थानों के करीब 100 पुलिसकर्मियों ने अपनी भूमिका निभाई। पुलिस ने हत्या के आरोपी हेमसिंह पुत्र पूरसिंह, निवासी वीरी की ढाणी, सरहद जोगीदास का गांव को संदेह के आधार पर दस्तयाब किया। पूछताछ के बाद उसे हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया।

कर्जे में डूबा हुआ था आरोपी

जानकारी के अनुसार आरोपी हेमसिंह किसानी का काम करता है और उस पर पिछले समय से काफी कर्ज हो गया। उसने एक झटके में लाखों रुपए हासिल करने के लिए हथूदेवी की हत्या को अंजाम दिया। आरोप है कि उसने गत 21 तारीख की रात में टोपीदार बंदूक से घर में सो रही महिला की हत्या की। हत्या करने के बाद वह डर गया और उस कमरे में नहीं गया बल्कि पास वाले कमरे में जहां जीरा रखा हुआ था, वह बाहर खड़े टे्रक्टर में लाद कर वहां से ले गया। हत्या के बाद कुछ समय तक आरोपी खेत में खड़ी अरण्डी की फसल में छिपा रहा तथा बाद में घर से जीरा, पैसे व ट्रेक्टर लूट कर ले गया। जाने से पहले उसने अपने पैरों के निशान को ट्रेक्टर चला कर मिटाने का प्रयास किया। उसके बाद उसने ट्रेक्टर कुछ किलोमीटर की दूरी पर छोड़ दिया और घर जाकर सो गया। अगले दिन वह भी आसपास के अन्य लोगों की भांति घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगी। मोबाइल टावर से उसकी लोकेशन भी घटनास्थल के पास ट्रेस हुई। जिसके बाद उसे पुलिस ने संदेह के आधार पर दस्तयाब किया।

टीमों ने संभाला अलग-अलग जिम्मा

पुलिस अधीक्षक शिवहरे ने मामले का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस टीमों को अलग-अलग टास्क दिए। इस क्षेत्र में सीसीटीवी फुटेज मिलने की ज्यादा संभावना नहीं होने पर पुलिस ने मानवीय जांच पर ध्यान केंद्रित किया। पुलिस टीमों ने आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेवन्तदान, वृताधिकारी जैसलमेर रूपसिंह इंदा, थानाधिकारी झिनझिनियाली सुमेरसिंह, थानाधिकारी संागड़ राजेश कुमार, थानाधिकारी म्याजलार सज्जनसिंह, थानाधिकारी कोतवाली जैसलमेर, थानाधिकारी फलसूंड महादेव गोदारा, प्रभारी जिला स्पेशल टीम भीमरावसिंह व उनकी टीमों ने सामंजस्य के साथ काम किया। आरोपी विस्तृत पूछताछ व अनुसंधान जारी है।

Published on:
25 Apr 2026 08:47 pm
Also Read
View All