24 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Jaisalmer / jaisalmer: एसटी वर्ग से निर्वाचित चार में से एक चेहरा बनेगा गांव की सरकार का मुखिया

jaisalmer: एसटी वर्ग से निर्वाचित चार में से एक चेहरा बनेगा गांव की सरकार का मुखिया

जिला परिषद चुनाव में 20-1 की ऐतिहासिक बढ़त के साथ कांग्रेस ने जिला प्रमुख की कुर्सी पर अपनी दावेदारी लगभग तय कर दी है। अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित इस पद पर पार्टी के चार निर्वाचित सदस्यों में से किसी एक के सिर ताज सजेगा। पूर्व मंत्री शाले मोहम्मद और पूर्व विधायक रूपाराम मेघवाल के खेमों की पसंद के बीच प्रमुख पद को लेकर सियासी खींचतान तेज हो गई है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जैसलमेर

•

image

Deepak Vyas

•

Updated: 24 Nov 2026, 9:27 PM IST

jaisalmer

जैसलमेर जिला परिषद कार्यालय।

जैसलमेर. जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने इस बार 20-1 की प्रचण्ड जीत हासिल की है और बुधवार को होने वाले जिला प्रमुख चुनाव को लेकर इतना ही सस्पेंस बाकी है कि, किसके सिर पर प्रमुख पद की ताजपोशी होगी। अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित प्रमुख पद के लिए कांग्रेस के निशान पर चार सदस्य निर्वाचित हुए हैं। इनमें वार्ड 21 से संतोष कुमारी, 9 से रतनाराम, 4 से मानाराम और 6 से कमलाराम शामिल हैं। पूर्व मंत्री शाले मोहम्मद का खेमा एक तरह से पोकरण विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित होने वाली 21 वर्षीया संतोष कुमारी को जिला प्रमुख का अपना पसंदीदा चेहरा घोषित कर चुका है। वहीं पूर्व विधायक रूपाराम मेघवाल की पसंद कमलाराम बताई जाती है, लेकिन माना जा रहा है कि रूपाराम गुट की तरफ से फकीर गुट के साथ प्रमुख पद पर सहमति बनाते समय कुछ समितियों में अपनी पसंद के सदस्य को प्रधान पद की कुर्सी दिलाने की शर्त मनवाने का प्रयास किया जा रहा है। गौरतलब है कि जिला परिषद चुनाव में भाजपा केवल एक सीट जीतने में कामयाब हुई और वह भी सामान्य वर्ग की महिला करुणा कंवर के रूप में। ऐसे में भाजपा के लिए कोई खेला करना लगभग नामुमकिन है।

यह रहेगा चुनाव कार्यक्रम

पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवम्बर को होना है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार को सुबह 10 बजे बैठक होगी। इसके बाद सुबह 11 बजे तक अभ्यर्थी नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा सुबह 11.30 बजे तक होगी। अभ्यर्थी दोपहर एक बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद चुनाव लडऩे वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची तैयार की जाएगी और चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। यदि मतदान आवश्यक हुआ तो संबंधित तिथि को दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान करवाया जाएगा। मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू होगी। इस तरह नामांकन से लेकर मतगणना तक की पूरी चुनाव प्रक्रिया एक ही दिन में संपन्न होगी।

सहमति बनाने का प्रयास

कांग्रेस में जिला प्रमुख सहित सभी पंचायत समितियों में प्रधान पदों पर कब्जा जमाने के लिए प्रदेश नेतृत्व की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। जैसलमेर में पार्टी को वर्षों बाद शानदार सफलता हाथ लगी है। दूसरी तरफ चुनावों में पिछडऩे के बाद सत्ताधारी भाजपा का प्रदेश नेतृत्व किसी भी तरह से कुछ समितियों में प्रधान पद हासिल करना चाहता है। भाजपा की निगाहें कांग्रेस की गुटबाजी पर टिकी हुई है। पार्टी चाहती है कि कोई सूरत ऐसी निकले, जिससे वह खाली हाथ न रह जाए।