जैसलमेर. पीत पाषाण की स्वर्णिम आभा के बीच मंगलवार को स्वर्णनगरी का वातावरण भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आया। कार्तिक शुक्ल पूर्णिमा पर शहर से गांवों तक धार्मिक उल्लास छाया रहा। कहीं पवित्र सरोवरों में आस्था की डुबकी लगी तो कहीं मंदिरों में दर्शन और दीपदान के लिए श्रद्धालुओं की कतारें नजर आईं। दान-पुण्य और सेवा के कार्यों ने पर्व की धार्मिक महत्ता को जीवंत किया। पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने ब्रह्ममुहूर्त में गड़ीसर सरोवर पहुंचकर स्नान किया। इसके बाद सोनार दुर्ग स्थित लक्ष्मीनाथ मंदिर सहित बाबा रामदेव मंदिर, मुक्तेश्वर मंदिर, गणेश मंदिर और हनुमान मंदिर में दर्शन किए। लोगों ने जरूरतमंदों को फल, भोजन, वस्त्र और नकदी दान कर पुण्य अर्जित किया। इष्टदेव के समक्ष सुख-समृद्धि, सद्बुद्धि और सद्विचारों की कामना की गई। कई परिवारों ने रिश्तेदारों के यहां मिठाई और खाद्य सामग्री भी भिजवाई।