23 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Jaisalmer / jaisalmer: सरहदी जिले में गूंजे मंगलगीत, 500 से अधिक शादियों का उत्सव

jaisalmer: सरहदी जिले में गूंजे मंगलगीत, 500 से अधिक शादियों का उत्सव

देवउठनी एकादशी के साथ ही स्वर्णनगरी में शहनाइयों की गूंज और मंगलगीतों की स्वर लहरियां सुनाई देने लगी हैं। नवंबर-दिसंबर के विवाह मुहूर्तों में शहर से गांवों तक 500 से अधिक जोड़ों के परिणय सूत्र में बंधने का अनुमान है। शादियों की इस रौनक से ज्वैलरी, कपड़ा, टेंट, कैटरिंग सहित स्थानीय कारोबार को करोड़ों रुपए का संबल मिलने की उम्मीद है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जैसलमेर

•

image

Deepak Vyas

•

Updated: 23 Nov 2026, 8:09 PM IST

jaisalmer news

स्वर्णनगरी में एक विवाह समारोह की चल रही तैयारियां।

जैसलमेर. देवउठनी एकादशी के साथ ही स्वर्णनगरी में मांगलिक आयोजनों का सिलसिला शुरू हो गया है। घरों में मंगलगीत गूंज रहे हैं तो बाजारों से लेकर विवाह स्थलों तक रौनक बढऩे लगी है। नवंबर और दिसंबर में विवाह के लगातार मुहूर्त होने से इस बार शादियों का सीजन खासा व्यस्त रहने वाला है। जैसलमेर शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में 500 से अधिक जोड़ों के विवाह बंधन में बंधने का अनुमान है। नवंबर का अंतिम सप्ताह सबसे अधिक व्यस्त रहेगा। शादियों की इस धूम का असर केवल परिवारों की खुशियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे स्थानीय बाजार, रोजगार और सेवा क्षेत्र में भी करोड़ों रुपए का कारोबार होने की संभावना है।

दिसंबर में भी दस तारीखों पर बजेगी शहनाई, फिर लगेगा विराम

दिसंबर की शुरुआत में भी विवाह आयोजनों की व्यस्तता रहेगी। 16 दिसंबर से मलमास शुरू होने के कारण मांगलिक कार्यक्रमों पर विराम लग जाएगा। उसके बाद फरवरी माह में विवाह आयोजन होंगे। इस बार अधिक मुहूर्त होने से परिवारों को आयोजन स्थल, हलवाई, टेंट और अन्य सेवाओं की उपलब्धता के लिहाज से अपेक्षाकृत सहूलियत मिल रही है।

शादियों की रौनक से बाजारों में कारोबार और कामगारों की व्यस्तता बढ़ी

विवाह सीजन ने जैसलमेर सहित जिले के बड़े कस्बों के बाजारों में भी रौनक बढ़ा दी है। ज्वैलरी, कपड़ा, रेडीमेड परिधान, किराना, मिठाई और खाद्य सामग्री के कारोबार में तेजी है। दूसरी तरफ टेंट हाउस, डेकोरेशन, डीजे, कैटरिंग, हलवाई, फोटोग्राफी और वाहन संचालकों के पास भी काम बढ़ा है। अनुमान के अनुसार, इस विवाह सीजन में जिले के बाजारों और बाहर के शहरों से होने वाली खरीदारी को मिलाकर करीब 15 से 20 करोड़ रुपए तक का आर्थिक प्रवाह हो सकता है। इसका लाभ स्थानीय व्यापारियों के साथ अस्थायी कामगारों और छोटे सेवा प्रदाताओं को भी मिलेगा।

गांवों में भी टेंट और सजावट का बढ़ता चलन

विवाह समारोहों का बदलता स्वरूप अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। पहले सीमित संसाधनों में होने वाले आयोजन अब आकर्षक टेंट, रंगीन रोशनी, डीजे, बेहतर खानपान और विशेष सजावट के साथ आयोजित किए जा रहे हैं। शहर में घरों के आसपास टेंट लगाकर विवाह समारोह करने का चलन भी बढ़ा है। ग्रामीण आयोजनों में भी आरओ पानी, बड़े भोज, विशेष व्यंजन और बाहर से हलवाई व कामगार बुलाने की मांग बढ़ रही है। स्थानीय परिवारों के साथ प्रवासी जैसलमेरवासी भी डेस्टिनेशन वेडिंग और डिजाइनर समारोहों की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

विवाह सीजन में इन क्षेत्रों में बढ़ी मांग

ज्वैलरी और परिधान: दुल्हन के आभूषण, डिजाइनर कपड़े और पारंपरिक पोशाकें।

आयोजन व्यवस्थाएं: टेंट, मैरिज गार्डन, सामुदायिक भवन और डेकोरेशन।

खानपान: हलवाई, कैटरिंग, खाद्य सामग्री और विशेष व्यंजनों की मांग।

मनोरंजन: डीजे, संगीत, फोटोग्राफी और वीडियो शूटिंग।

परिवहन व श्रम: बारात के वाहन, मजदूर, रसोइये और अन्य कामगार।

एक्सपर्ट व्यू: विवाह सीजन का प्रभाव बाजार के कई क्षेत्रों पर

सरहदी जिले में इन दिनों विवाह का विवाह सीजन का प्रभाव बाजार के कई क्षेत्रों पर एक साथ पड़ता है। आभूषण और कपड़ों की खरीदारी से लेकर टेंट, कैटरिंग, परिवहन, सजावट और फोटोग्राफी तक स्थानीय रोजगार को गति मिलती है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी समारोहों का स्वरूप बदलने से छोटे कारोबारियों और सेवा प्रदाताओं के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं।

-मुकेश गोपा, वेडिंग कॉर्डिनेटर