जैसलमेर. राजस्थान के शिक्षा विभाग में खाली पदों का आंकड़ा अब एक लाख के पार पहुंच चुका है। इसका मतलब है कि विभाग की स्वीकृत मानव संसाधन क्षमता का लगभग हर चौथा पद खाली है। शालादर्पण पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 4,13,382 पद स्वीकृत हैं, लेकिन इनमें से 3,12,536 पदों पर ही कार्मिक कार्यरत हैं। शेष 1,00,846 पद रिक्त हैं। यानी करीब 24.39 प्रतिशत पदों पर नियुक्तियां नहीं हैं। यह अंतर केवल विभागीय आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था से लेकर जिला और राज्य स्तर के प्रशासनिक कामकाज तक मानव संसाधन की उपलब्धता पर सवाल खड़े करता है।