छायण (जैसलमेर). छायण से टोटा तक की सड़क का डामरीकरण निर्माण कार्य एक वर्ष पूर्व स्वीकृत हुआ था। इस पर मुरड़ कंक्रीट का कार्य किया गया, जो घटिया स्तर का रहा। ग्रामीणों के अनुसार, कंक्रीट को वाइब्रेटर से कूटा नहीं गया और बड़े पत्थर इस्तेमाल हुए। घटिया कुटाई के कारण सड़क जगह-जगह से उखड़ गई है और गहरे गड्ढे बन गए हैं। इससे वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। वाहनों के टायर पंचर हो रहे हैं और दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं। 10 किलोमीटर की यह दूरी तय करने में मिनटों के बजाय घंटे लग रहे हैं। सार्वजनिक निर्माण विभाग खंड अधिकारी, पोकरण को इस बारे में अवगत कराया गया है, लेकिन आज तक मुरड़ कंक्रीट की कुटाई नहीं करवाई गई। ग्रामीणों ने शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू कर यातायात सुविधा बहाल करने की मांग की है।